परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी से लड़की को लेकर भागे युवक ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। उसने गुजरात में पुलिस के पकड़े जाने के बाद प्रेमिका की गला रेतकर हत्या कर दी। फिर खुद आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान वह बच गया जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुछ दिन पहले गायब हुआ था प्रेमी जोड़ा
दरअसल, शहर के देहात थाना के पिपरसमां गांव से कुछ दिन पहले गायब हुए प्रेमी जोड़े का सुराग पुलिस को लग गया था। पुलिस युवती के परिजनों के साथ गुजरात पहुंची और दोनो को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस दोनो को वापस शिवपुरी ला रही थी और रास्ते में एक होटल में रात काटने के लिए रूके तो आधी रात को प्रेमी ने प्रेमिका का चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी और फिर खुद का गला काट लिया। हालांकि घटनाक्रम में युवती की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि प्रेमी को गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया है। गुजरात पुलिस ने आरोपी प्रेमी पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कई महीनों से चल रहा था प्रेम प्रसंग
देहात थाना क्षेत्र के पिपरसमा गांव निवासी रजनी धाकड़ और संतोष जाटव के बीच कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करने के फेर में 7 जून की रात घर से भाग गए थे। अगले दिन युवती जब घर नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। शिकायत में परिजनों ने संतोष जाटव के साथ युवती के जाने की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने जब मोबाइल लोकेशन ली तो उनकी लोकेशन गुजरात में मिली।
गुजरात में झोपड़ी से बरामद हुआ कपल
इसके बाद 10 जून को देहात थाना पुलिस की टीम युवती के भाई और अन्य परिजनों को साथ लेकर गुजरात रवाना हुई। 11 जून को पुलिस ने राजकोट जिले के सांपर क्षेत्र में एक फैक्ट्री के बाहर बनी मजदूरों की झोपड़ी से दोनों को पकड़ लिया। बरामदगी के बाद पुलिस टीम दोनों को लेकर शिवपुरी के लिए रवाना हो गई। रात होने के कारण पुलिस दल ने गांधीनगर से आगे उदयपुर हाईवे पर स्थित होटल राइन इन पोर्ट में करीब 10 बजे रोकने का निर्णय लिया। रात 11 बजे सभी ने खाना खाया और होटल में रूकने के लिए सो गए।
देर रात होटल के कमरे में खूनी खेल
करीब 1 बजे के बाद अचानक कमरे से हलचल व चीख-पुकार की आवाजें आई तो देखा संतोष जाटव ने धारदार चाकू से पहले रजनी धाकड़ का गला रेत दिया और इसके बाद खुद के गले पर भी वार कर लिया। पुलिसकर्मियों ने आहट सुनते ही तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों को एंबुलेंस की सहायता से गांधीनगर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रजनी धाकड़ को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष जाटव का उपचार जारी है।
पुलिस की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद गांधीनगर जिले के चिलोड़ा थाना पुलिस ने संतोष पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात गुजरात में हुई है, इसलिए पूरे मामले की जांच गुजरात पुलिस कर रही है। पूरे घटनाक्रम में पुलिस अभिरक्षा होने के बाद इतनी बड़ी घटना होना बड़ी बात है और आरोपी संतोष के पास चाकू कैसे आ गया, यह कुछ सवाल है जिन पर जांच होना बहुत जरूरी है।
वहीं पुलिस का कहना है देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज हुई थी। युवक व युवती गुजरात में मिले थे। उनको वापस शिवपुरी लाया जा रहा था। रात होने के कारण रास्ते में एक होटल पर रुके तो यह घटना हुई है। आरोपी संतोष पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। संबंधित थाने की पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

