राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के उतावलेपन पर चर्चा हुई। सदन में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आपके उतावलेपन से मैं उस दिन गर्म हो गया था। वहीं उमंग सिंघार ने कहा कि जब आप उतावले होते हैं तो मुंह से क्या क्या निकलता है।

एमपी विधानसभा बजट सत्र के छठवें दिन किसानों के ध्यानाकर्षण पर चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के वक्तव्य के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कपास, सोयाबीन को लेकर सरकार का क्या विचार है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि सीएम कभी भी वक्तव्य दे सकते हैं। नेता प्रतिपक्ष कभी भी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। नेता प्रतिपक्ष उतावले मत होइए, आपके उतावलेपन से मैं उस दिन गर्म हो गया था।

ये भी पढ़ें: ‘सीएम ने माफी मांगी तो क्या हो गया यार’, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के नहीं बदले तेवर; औकात में रहो वाले बयान पर न कोई रंज न गम

कैलाश ने कहा था- “औकात में रहो!”

वहीं इस पर उमंग सिंघार ने कहा कि जब आप उतावले होते हैं तो मुंह से क्या-क्या निकलता है। इसके जवाब में मंत्री कैलाश ने कहा कि वक्तव्य के बाद प्रति उत्तर न हो। वक्तव्य के अलावा अन्य विषय वस्तु न जोड़ें। आपको बता दें कि बजट सत्र के चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अदाणी ग्रुप से जुड़े मुद्दे पर हंगामा हुआ था। संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से तीखे लहजे में कहा कि “औकात में रहो!”

इस बयान के बाद हंगामा और भी तेज हो गया। विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अफसोस जताया था तो वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने माफी भी मांगी थी। लेकिन इसके बाद भी कैलाश विजयवर्गीय के तेवर नहीं बदले थे।

ये भी पढ़ें: हेमंत कटारे को लेकर PCC चीफ का बड़ा बयानः जीतू पटवारी बोले- वो अपने पद पर और उपनेता प्रतिपक्ष हैं, उनके पोस्ट से सारी बातें स्पष्ट हो गई

कप्तान है वो तो यार…

मीडिया ने जब उनसे पूछा कि ‘सीएम साहब ने माफी मांगी है आपकी तरफ से’, तो इस पर कैलाश ने कहा कि ‘कप्तान है वो तो यार, माफी मांगी तो क्या हो गया’। वहीं पत्रकारों ने यह भी पूछा कि ‘ऐसा नहीं लगता की जुबान पर एक-डेढ़ महीने से शनि बैठा हुआ है’ इस सवाल पर उन्होंने कहा कि ‘ये किसी ज्योतिषि से पूछूंगा यार’ इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m