राकेश चतुर्वेदी, छतरपुर/भोपाल। मध्य प्रदेश की छतरपुर पुलिस ने अवैध हथियारों की फैक्ट्री का खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि इन आरोपियों की उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले चुनावों में अवैध हथियार सप्लाई करने की योजना थी। लवकुशनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो जगह छापा मारकर अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है।

एसपी रजत सकलेचा ने प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि ग्राम किशनपुरा में जितेंद्र उर्फ राजू राजपूत अवैध हथियार बना रहा था। पुलिस टीम ने वहां दबिश दी तो मौके से 315 बोर और 12 बोर के देशी कट्टे, कट्टों के सांचे, नाल, लोहे की दोगनी, लेथ मशीन, हथौड़ा और बड़ी मात्रा में हथियार बनाने की सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में जितेंद्र ने बताया कि वह महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के रहने वाले कामता प्रजापति के साथ मिलकर हथियारों की डिमांड पर सप्लाई करता था।

ये भी पढ़ें: नशे में हैवान बना पति: पत्नी पर कैंची से किए 8 से 10 वार, शराब छोड़ने की बात कहकर मायके से बुलाया था

इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तरप्रदेश के खजुरिया पहरा में दूसरी फैक्ट्री पर छापा मार कारवाई की। जहां कामता प्रजापति हाथों-हाथ हथियार बनाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से फाइनल स्टेज के कट्टे और बड़ी संख्या में अधबने हथियारों की नाल जब्त की हैं। आरोपी ऑर्डर पर हथियार बनाकर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इनके ग्राहकों और नेटवर्क की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m