रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में सावन के आखिरी सोमवार के दिन बड़ा हादसा हो गया। जहां कांवड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली पुलिया से नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि स्टेयरिंग फेल होने की वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। इस घटना में 22 लोग घायल बताए जा रहे है, जिनमें 7 की हालत गंभीर है। दो लोगों को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

यह पूरी घटना धार के निसरपुर के कडमाल के पास की है। बताया जा रहा है कि हर साल की तरह इस वर्ष भी कांवड़िए भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए कोटेश्वर से जल भरने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर का स्टेयरिंग फेल हो गया और ट्रॉली असंतुलित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 10 से 12 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ये भी पढ़ें: धार जिला बंद का आह्वान: भोजशाला मामले में सकल हिंदू समाज का बड़ा कदम, 25 अगस्त को रहेगा जिला बंद

आस्था के उत्साह के बीच अचानक हुए हादसे से कांवड़ियों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल छा गया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही शासन-प्रशासन के अधिकारी व ग्रामीणजन मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से पुलिया के नीचे गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकालने का प्रयास जारी है। पुलिस-प्रशासन की ओर से हादसे की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m