रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात एक हादसा हो गया। आतेड़ी फाटा और खाखेड़ी फाटा के बीच रात करीब 12:32 बजे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्चों समेत करीब 10 से 12 मजदूर घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: भ्रष्टाचार का नया खेल! लोकायुक्त छापों में अफसरों के घर नकद नहीं, मिलीं करोड़ों की बेनामी जमीनें
दाहोद से नागपुर मजदूरी के लिए जा रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार सभी मजदूर गुजरात के दाहोद से महाराष्ट्र के नागपुर मजदूरी के लिए जा रहे थे। टक्कर लगते ही ट्रॉली में सवार कई मजदूर नीचे गिर गए। गनीमत रही कि ट्रॉली पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता वाहन के अमझेरा टीम के सैनिक रतन भाभर और पायलट नरेंद्र सिंह पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बिना देर किए अमझेरा अस्पताल पहुंचाया।
ये भी पढ़ें: इंदौर में रफ्तार का कहरः सड़क हादसे में 2 दोस्तों की दर्दनाक मौत, 3 ठेलों को रौंदकर कार चालक फरार
5 गंभीर घायल धार जिला अस्पताल रेफर
अमझेरा स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। इनमें से गंभीर चोटें आने के कारण 5 घायलों को धार जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। बाकी घायलों का इलाज अमझेरा अस्पताल में ही जारी है। अमझेरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



