रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में एक दर्दनाक हादसे ने झकझोर कर रख दिया। जहां अचानक हुए शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते एक मकान को आग की लपटों में घेर लिया। कुछ ही मिनटों में मामूली चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया और पूरा घर धू-धू कर जलने लगा। वहीं मकान के अंदर मौजूद दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। सालों की मेहनत और जमा पूंजी कुछ ही पल में राख में बदल गई।
यह पूरा मामला तिरला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिड़कियां खुर्द का है। जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त घर में रखा घरेलू सामान, नगदी और सोने-चांदी के आभूषण आग की भेंट चढ़ गए। आग इतनी भयावह थी कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन तेज लपटों और धुएं के कारण हालात तेजी से बिगड़ते चले गए।
ये भी पढ़ें: देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट केस: मुख्य आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, विस्फोट में 6 लोगों की गई जान
मकान पूरी तरह जलकर खाक
इस हादसे में मकान में मौजूद मयाराम और भागवंती भी आग की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
60 से 70 प्रतिशत तक झुलसे
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जिला अस्पताल के डॉक्टर बाज बहादुर सिंह के अनुसार, आग की चपेट में आने से दोनों करीब 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: ‘सिस्टम’ ने ली नवजात की जान: निजी जांच में सब नॉर्मल, फिर भी जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने टाला ऑपरेशन, रातभर तड़पती रही मां
राख में बदल गई जमा पूंजी
इस हादसे ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी को कुछ ही पलों में राख में बदल दिया। फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि प्रशासन और संबंधित विभाग पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं। गांव में इस घटना के बाद गम और चिंता का माहौल बना हुआ है।

