रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में शनिवार शाम मजदूरों से भरी एक पिकअप पलट गई। हादसे में दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हैं। 2 को गंभीर अवस्था में हायर सेंटर रेफर किया हैं। बताया जा रहा हैं कि गाड़ी में थुवाटी गांव के 20 से ज्यादा मजदूर सवार थे, जो मजदूरी के लिए गुजरात जा रहे थे। यह पूरी घटना कुक्षी के चिलवा गांव के पास हुई।

धार के कुक्षी में एक पिकअप वाहन पलट गया। इस हादसे में 7 साल की मासूम मोनिका (निवासी मोहनपुरा) और 9 साल के आनंद (निवासी थुवाटी) की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कुक्षी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव काम शुरू किया। हादसे में घायल हुए सभी लोगों को कुक्षी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक महिला कलाबाई और एक पुरुष सरपंच पिता वेरसिंह की हालत ज्यादा गंभीर थी, जिन्हें बड़वानी अस्पताल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें: नरसिंहपुर में भीषण सड़क हादसा: NH-44 पर पलटी खाते हुए दूसरे किनारे जा पहुंची कार, छिंदवाड़ा के 2 लोगों की मौत, LIVE VIDEO

इस महीने तीसरा बड़ा हादसा

बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सभी लोग थुवाटी गांव के रहने वाले थे और काम की तलाश में गुजरात जाने के लिए कुक्षी की तरफ जा रहे थे। रास्ते में पिकअप वाहन अनियंत्रित हो कर पलट गया। आपको बता दे कि धार जिले में इस माह में मजदूरों से भरे पिकअप वाहन का ये तीसरा बड़ा हादसा हैं।

परिवहन विभाग नहीं दे रहा ध्यान

लगातार हो रहे हादसों के बाद भी जिम्मेदार कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। हादसों के बाद जिला मुख्यालय के आसपास ही कार्यवाही के नाम पर चालान बनाए जाते हैं। बताया जा रहा हैं कि कुक्षी क्षेत्र में सबसे ज्यादा इस तरह के हादसे होते हैं, लेकिन क्षेत्रीय परिवहन विभाग इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं हैं। जिसके नतीजा लगातार हादसे में मजदूरों की जान जा रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m