कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुई भीषण ट्रक हादसा मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ट्रक मालिक और ड्राइवर को राजस्थान के धौलपुर से हिरासत में लिया है। घटना के बाद दोनों आरोपी ट्रक से कूदकर फरार हो गए थे। वहीं सनसनीखेज और हैरान कर देने वाली बात सामने आई है। गूगल मैप से रास्ता भटकने को हादसे की वहज बताए जाने की भी चर्चा है।

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसा मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। झांसी रोड थाना पुलिस ने राजस्थान के धौलपुर से ट्रक मालिक और ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। ट्रक मालिक का नाम मोहित सिंह और ट्रक चालक का नाम दिलबाग सिंह बताया जा रहा है। दोनों आरोपियों को सड़क मार्ग से ग्वालियर लाया जा रहा है। यह दोनों घटना के बाद ट्रक से कूदकर फरार हो गए थे।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान; राहुल गांधी ने कही ये बात

गूगल मैप से रास्ता भटकने की चर्चा

गूगल मैप से रास्ता भटकने को हादसे की वजह बताए जाने की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि ट्रक ड्राइवर को रास्ता पता नहीं था, जिसके चलते दो ट्रक गूगल मैप के सहारे आगे-पीछे चल रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक घाटी पर रुक गया। वहीं आगे चल रहा ट्रक अनियंत्रित होकर ढलान से नीचे लुढ़का और मंदिर के गेट में जा घुसा। जहां दर्शन के लिए खड़े श्रद्धालु ट्रक के नीचे आ गए। इस घटना में अब तक 15 लोगों के मौत हुई है, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हुए, जिनका इलाज जारी है। हालांकि ‘गूगल मैप’ से हादसे की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में किसकी लापरवाही है, यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा।

इलाज का पूरा खर्च उठाएगी सरकार

इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि ग्वालियर में ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने सभी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी सरकार उठाएगी।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर शीतला मंदिर हादसे में 15 लोगों की गई जान, आक्रोशित परिजनों का फूटा गुस्सा; कांग्रेस ने की अधिक मुआवजे की मांग

पीएम मोदी ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। साथ ही उन्होंने मुआवजे देने का भी ऐलान किया है। पीएमओ कार्यालय ने सोशल साइट एक्स (x) पर पोस्ट कर लिखा- मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m