चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने बेबाक अंदाज और कड़क फैसलों के लिए जाने जाते हैं। जिनका ये अंदाज एक बार फिर देखने को मिला। नए शैक्षणिक सत्र 2026 की शुरुआत के साथ ही विजयवर्गीय शासकीय माता अहिल्या स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने हजारों छात्राओं के बीच न केवल सुर से सुर मिलाया, बल्कि मंच से ‘लव जिहाद’ और ‘नशे’ जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों पर ऐसी कड़क सीख दी कि पूरे सियासी और सामाजिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।

ये भी पढ़ें: Gwalior: डॉ. गिरिजा शंकर गुप्ता की बढ़ी मुश्किलें, फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर पद हासिल करने का आरोप

लव जिहाद पर प्रहार, ‘नाम बदलकर अपराध करने वालों को पहचानो’

कैलाश विजयवर्गीय ने दोटूक शब्दों में छात्राओं को आगाह करते हुए कहा कि जो बच्चियों जागरूक रहेंगी, वही जीवन में आगे बढ़ पाएंगी। आज के समय में कुछ लोग अपनी असली पहचान और नाम बदलकर कई तरह के गंभीर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं, जिसका सीधा और घातक असर मासूम बच्चियों की जिंदगी पर पड़ रहा है।

उन्होंने साफ किया कि इस तरह के छलावे और जाल से बचने के लिए छात्राओं को खुद मानसिक रूप से मजबूत और जागरूक रहना होगा, ताकि कोई उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ न कर सके।

कैलाश विजयवर्गीय ने नशेड़ी भाई को लेकर दिया बड़ा बयान

कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने छात्राओं के सामने 6 प्रमुख बातें रखीं, जिसमें पारिवारिक मूल्यों से लेकर पर्यावरण तक शामिल था। उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में सफलता के लिए सबसे पहले सुबह उठकर अपने माता-पिता का सम्मान करें और उनका आशीर्वाद लें। अपने स्वास्थ्य और बेहतर शारीरिक-मानसिक विकास के लिए अच्छे खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। यदि आपके क्षेत्र या घर के आसपास कहीं भी नशा हो रहा है, तो उसका खुलकर विरोध करें।

रक्षाबंधन को लेकर उन्होंने एक अनोखा और कड़क संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बहनें अपने भाई को राखी तभी बांधें जब वह नशा न करता हो। अगर भाई नशा करता है, तो उसे राखी बांधने के बजाय भगवान को राखी बांध दें, ताकि भाई को अपनी गलती का अहसास हो और वह नशा छोड़ दे। वहीं नाम बदलकर ठगने वाले और अपराध करने वाले तत्वों से खुद को दूर और सुरक्षित रखें। और पर्यावरण को बचाने के लिए हर बच्ची एक पेड़ जरूर लगाए। एक पेड़ लगाना भगवान शंकर का मंदिर निर्माण करने जितना पुण्य देता है।

छात्राओं संग गाया गाना, खजराना और विधानसभा 1 को मिली 100 करोड़ की सौगात

गंभीर मुद्दों पर बात करने के साथ ही कैलाश विजयवर्गीय ने छात्राओं का हौसला बढ़ाने के लिए मंच से उनके साथ गाना भी गाया, जिससे पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

ये भी पढ़ें: कृषि मंत्री का पुतला फूंकने पर झड़प; चलीं पानी की बौछारें, ‘घुटनों के बल’ कलेक्ट्रेट जाने की चेतावनी

स्कूल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विधानसभा 1 के शासकीय स्कूल में वाटर कूलर, फर्नीचर और अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। शिक्षा के स्तर को प्राइवेट स्कूलों से भी बेहतर बनाने के लिए मंत्री ने क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से अत्याधुनिक ‘सीएम राइज स्कूल’ बनाने की भव्य घोषणा की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m