चंकी बाजपेयी, इंदौर। स्वच्छता में देश भर में सिरमौर इंदौर शहर में सफाई मित्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जोन क्रमांक 16 और वार्ड क्रमांक 1 के अंतर्गत आने वाली स्कीम नंबर 51 में काम के दौरान एक महिला सफाई कर्मचारी के सिर पर अचानक बिजली का जलता/हाईटेंशन तार गिर गया। इस हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है और वह घायल हो गई। आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए बीमा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक रूप से हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें: सीएम डॉ. मोहन यादव पहुंचे SDRF स्टेट कमांड सेंटर, बाढ़ की समीक्षा के साथ किया संवाद, दिए जरूरी निर्देश

दस्तावेजों के फेर में लटका इलाज

घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास पाथरोड़, जिला अध्यक्ष आकाश गोहर और नगर अध्यक्ष रितिक करोसिया सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि बीमा अस्पताल में दस्तावेजों और नाम का मिलान न होने का हवाला देकर काफी देर तक घायल महिला का इलाज शुरू नहीं किया गया। जब महासभा के पदाधिकारियों ने मौके पर आवाज बुलंद की और कड़ा विरोध जताया, तब जाकर डॉक्टरों ने महिला का उपचार शुरू किया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।

यह भी पढ़े: प्रसिद्ध पचमठा मंदिर में चोरों का धावा! दानपेटी और अलमारी से उड़ाए हजारों रुपये; CCTV भी फोड़े

आए दिन हो रहे हादसों पर भड़का संगठन

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासभा ने सफाई मित्रों के साथ हो रहे हादसों पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने याद दिलाया कि पिछले दिनों भी एक बस से लगेज का भारी बंडल गिरने से महिला सफाई मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई थी और अब यह बिजली का तार गिरने की घटना हुई है। संगठन ने कहा कि सफाई मित्र अपनी जान जोखिम में डालकर इंदौर को नंबर वन बनाते हैं, लेकिन प्रशासन उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। महासभा ने प्रशासन से मांग की है कि सफाई मित्रों को उचित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, वरना आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m