इंदर कुमार जबलपुर। आधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर यानि पचमठा मंदिर में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर के पिछले हिस्से का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दानपेटी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखे हजारों रुपये नकद उड़ा दिए। इसके अलावा बदमाशों ने मंदिर की अलमारी में रखा अन्य कीमती सामान भी पार कर दिया। सुबह जब स्थानीय लोग और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो ताले टूटे और सामान बिखरा देखकर दंग रह गए, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
यह भी पढ़ें: जन्माष्टमी पर इंदौर में बना रिकॉर्ड: 51 फीट ऊंची माखन मटकी फोड़कर गोविंदों ने जीता 5.51 लाख का इनाम
तोड़े सीसीटीवी कैमरे, अलमारी का सामान भी किया साफ
शातिर चोरों ने पुलिस से बचने के लिए मंदिर परिसर में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया जिससे उनकी पहचान न हो सके। चोरों ने बड़ी आसीनी से मंदिर के पिछले दरवाजे को निशाना बनाया और दानपेटी का ताला तोड़कर पूरी नकदी समेट ली। घटना की जानकारी मिलते ही आधारताल थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अब आसपास के इलाकों और अन्य दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों का सुराग लगाने में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: संकट मोचन धाम में फिर चोरी: पहले प्रणाम किया, फिर जेब में रखी लक्ष्मी-नारायण की मूर्ति, वारदात कैमरे में कैद
पुलिस से की सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
पवित्र पचमठा मंदिर में हुई इस चोरी की घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। नागरिकों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाकर मंदिरों की सुरक्षा पुख्ता करने की कड़ी मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



