हेमंत शर्मा, इंदौर। प्यार में ठुकराए जाने की सनक किस हद तक किसी को हैवान बना सकती है, इसका खौफनाक उदाहरण इंदौर में सामने आया है। जहां एक सनकी प्रेमी ने शादी से इनकार करने पर अपनी करीबी मित्र और एसबीआई बैंक कर्मचारी युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने हत्या को आत्महत्या या हादसा साबित करने के लिए ऐसा षड्यंत्र रचा कि पहली नजर में हर कोई यही मान बैठा कि युवती आग में जिंदा जल गई। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और सीसीटीवी फुटेज ने कातिल की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
जला हुआ शव मिला, लेकिन पुलिस को शुरुआत से था शक
26 जुलाई को खजराना थाना क्षेत्र के तपेश्वरी बाग स्थित किराए के कमरे में एसबीआई बैंक कर्मचारी युवती का जला हुआ शव मिला था। कमरे की हालत देखकर शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या या आग लगने से मौत का प्रतीत हो रहा था। लेकिन पुलिस ने बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचे घटनास्थल से हर छोटे-बड़े साक्ष्य जुटाए। एफएसएल टीम को बुलाया गया और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पलट दी पूरी कहानी
जांच की सबसे अहम कड़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनी। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवती की मौत आग से नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई थी। यानी हत्या पहले की गई और बाद में शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, ताकि सबूत मिटाए जा सकें और मामला आत्महत्या या दुर्घटना जैसा लगे। यहीं से पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच का दायरा बढ़ाया और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया।
ये भी पढ़ें: इंदौर में बैंककर्मी युवती की संदिग्ध मौत: किराए के कमरे में जला हुआ शव मिला, दो दिन तक फोन करते रहे पिता
कैमरे में कैद हुई साजिश
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक पेट्रोल का डिब्बा लेकर घटनास्थल की ओर जाता दिखाई दिया। यही फुटेज जांच का सबसे बड़ा सुराग साबित हुई। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। आरोपी की पहचान ग्वालियर जिले के डबरा निवासी मयंक शाक्य के रूप में हुई, जो पिछले करीब पांच वर्षों से मृतका का करीबी मित्र था।
शादी से इनकार बना हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने शादी से इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने गुस्से में युवती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि पुलिस और परिवार को लगे कि युवती ने आत्महत्या की है या किसी हादसे में उसकी मौत हुई है।
साजिश नाकाम, आरोपी गिरफ्तार
इंदौर पुलिस ने आरोपी मयंक शाक्य को गिरफ्तार कर हत्या, साक्ष्य नष्ट करने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी या वारदात अचानक हुई। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरी साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका तो नहीं थी।
सवाल सिर्फ एक हत्या का नहीं, सनकी सोच का भी
यह मामला सिर्फ एक हत्या का नहीं, बल्कि उस खतरनाक मानसिकता का है जिसमें प्यार में इनकार को स्वीकार करने के बजाय मौत का रास्ता चुन लिया जाता है। आरोपी ने न सिर्फ युवती की बेरहमी से हत्या की, बल्कि सबूत मिटाने के लिए शव को आग के हवाले कर पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की। हालांकि, वैज्ञानिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज ने उसकी पूरी साजिश को बेनकाब कर दिया और आखिरकार सनकी आशिक कानून के शिकंजे में आ गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


