चंकी बाजपेयी, इंदौर। शहर के खजराना थाना क्षेत्र स्थित तपतेश्वरी बाग कॉलोनी में एक 26 वर्षीय युवती का जला हुआ शव उसके किराए के कमरे से मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पलक केशव (26) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरदा जिले के टिकरिया की रहने वाली थी और इंदौर के एक निजी बैंक में कार्यरत थी।
READ MORE: लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 19 हजार रिश्वत लेते रोजगार सहायक रंगे हाथों गिरफ्तार, इस काम के लिए मांगी थी घूस
जानकारी के अनुसार, पलक के पिता पिछले दो दिनों से लगातार उसे फोन कर रहे थे, लेकिन किसी भी कॉल का जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने मकान मालिक से संपर्क कर कमरे की जानकारी लेने को कहा। जब मकान मालिक ने अन्य लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। युवती का शव जली हुई अवस्था में पड़ा था।
READ MORE: ‘हम पद के लिए नहीं जीते’, टिकट कटने का सवाल सुनते ही मंत्री प्रहलाद पटेल बोले- हमें मुक्त कर दो, कोई भय नहीं
घटना की सूचना मिलते ही खजराना थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में कमरे में गैस बर्नर खुला मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस युवती के मोबाइल फोन, कमरे से मिले अन्य दस्तावेजों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मौत के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


