हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के प्रसिद्ध सराफा बाजार में कूरियर पार्सल से 40 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 11 सोने की चेन गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई से भेजे गए पार्सल का वजन इंदौर पहुंचते ही करीब 273 ग्राम कम निकला। व्यापारी की सतर्कता और शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कूरियर कंपनी के डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गई सभी 11 सोने की चेन बरामद कर ली हैं।
ये भी पढ़ें: जबलपुर में ऑनलाइन ठगी के दो बड़े मामले: कनाडा भेजने के नाम पर सवा लाख ऐंठे, फर्जी आर्मी अफसर बनकर महिला के खाते से उड़ाए 90 हजार
791 ग्राम का पार्सल निकला 518 ग्राम
मुंबई के एक व्यापारी ने इंदौर के सराफा कारोबारी को कूरियर के माध्यम से सोने की 11 चेन का पार्सल भेजा था, जिसका कुल वजन 791.570 ग्राम था। जब डिलीवरी बॉय पार्सल लेकर दुकान पहुंचा तो व्यापारी ने सुरक्षा के लिहाज से उसके सामने ही पैकेट का वजन कराया। वजन करते ही कांटा केवल 518 ग्राम पर आकर रुक गया। लगभग 273 ग्राम सोना कम देखकर व्यापारी चौंक गया और उसने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: स्पा सेंटर की आड़ में संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस का छापा: 5 युवतियों और संचालक समेत 12 हिरासत में
कूरियर बॉय ने कबूला जुर्म
सराफा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कूरियर डिलीवरी बॉय रितिक गोयल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी रितिक ने स्वीकार किया कि उसने रास्ते में ही पार्सल खोलकर उसमें से 11 सोने की चेन निकाल ली थीं और फिर पार्सल को दोबारा सील कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पूरा 273 ग्राम सोना बरामद कर लिया है। पुलिस अब यह पड़ताल कर रही है कि पार्सल से चेन कैसे निकाली गईं और क्या इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



