चंकी बाजपेयी, इंदौर। इंदौर में आयोजित नशा मुक्ति अभियान के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने अपने चिर-परिचित और तीखे अंदाज में विपक्षी नेताओं पर करारा हमला बोला। युवाओं से संवाद करते हुए उन्होंने नशे से दूर रहने का संदेश दिया और कहा कि 2014 से लेकर अब तक देश का युवा मजबूती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है।
ये भी पढ़ें: MP के युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के रास्ते: AIM-2026 में शामिल हुए सीएम डॉ. मोहन यादव, निवेशकों को दिया मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण
संजय राउत के बयान पर पलटवार: ‘धोखा और जहर हमने नहीं, उन्होंने दिया’
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के जहर देने और बीमारी से जुड़े आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आठवले ने कहा, “हम किसी को जहर या बीमारी देने का काम नहीं करते और न ही ऐसी राजनीति में विश्वास रखते हैं। 1990 में शिवसेना और भाजपा ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बना ली। असल में राजनीतिक धोखा और जहर देने का काम तो उन लोगों ने हमारे साथ किया था।”
‘2029 के टी-20 मैच में लेंगे राहुल गांधी का विकेट’
2029 में राहुल गांधी को विपक्षी दलों द्वारा प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाओं पर चुटकी लेते हुए आठवले बोले कि ‘इंडिया’ गठबंधन में हर दल को अपना उम्मीदवार घोषित करने का अधिकार है। लेकिन 2029 के आम चुनाव में वे खुद पीएम मोदी की क्रिकेट टीम से मैदान में उतरेंगे और टी-20 मैच की तरह खेलते हुए राहुल गांधी का विकेट लेंगे। उन्होंने दावा किया कि 2029 में केंद्र में एक बार फिर भारी बहुमत से नरेंद्र मोदी की ही सरकार बनेगी।
ये भी पढ़ें: धार में भीषण सड़क हादसा! मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, बच्चों समेत 12 घायल
छात्र आंदोलनों और विकास योजनाओं पर रखी अपनी बात
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए आठवले ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं की हर जायज मांग सुनने और उनकी समस्याएं हल करने के लिए हमेशा तत्पर है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि 2014 के बाद देश में सड़कों, एयरपोर्ट्स और रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हुआ है। उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना से करोड़ों गरीब परिवारों का जीवन बदला है और आगामी बजट प्रावधानों के तहत 3 करोड़ और लोगों को पक्के मकान दिए जाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



