हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले ‘वंदे मातरम्’ को लेकर शुरू हुई सियासत में एक दिलचस्प मोड़ आ गया है। कांग्रेस से कार्यक्रम में पूर्ण ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कराने की मांग करने वाले और संस्था पुरुषार्थ के अध्यक्ष बीजेपी नेता नानूराम कुमावत अब खुद सवालों के घेरे में आ गए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पत्रकारों ने उनसे राष्ट्रगीत सुनाने को कहा, तो कैमरों के सामने उनके सुर और शब्द दोनों बिगड़ गए। कई जगह शब्दों का गलत उच्चारण हुआ, एक पूरी पंक्ति छूट गई और शब्दों का क्रम भी गड़बड़ा गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ये भी पढ़ें: राहुल के कार्यक्रम में पूरा गूंजेगा वंदे मातरम् या नहीं? ‘छात्रों की गूंज’ से पहले पुरुषार्थ ने घेरा; बहिस्कार की चेतावनी

‘सुजलाम्’ बना ‘सुबलाम्’, छूटा ‘पुलकितयामिनीम्’- कई बार हुई चूक

वायरल वीडियो के अनुसार, राष्ट्रगीत की शुरुआती महत्वपूर्ण पंक्तियों में ही भारी गड़बड़ी देखने को मिली। ‘सुजलाम् सुफलाम्’ की जगह कुमावत के मुंह से ‘सुबलाम्’ निकला। इसके बाद ‘शुभ्रज्योत्स्ना-पुलकितयामिनीम्’ पंक्ति से ‘पुलकितयामिनीम्’ शब्द पूरी तरह गायब ही हो गया। गलतियों का सिलसिला यहीं नहीं थमा; आगे ‘सुहासिनीम्’ शब्द को ‘सुभासिनी’ उच्चारित किया गया। जिस राष्ट्रगीत के पूर्ण और शुद्ध गान को लेकर इतना बड़ा राजनीतिक अभियान चलाया जा रहा था, उसके ही पाठ में इतनी गंभीर चूकों ने संस्था की तैयारी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें: महाकाल शाही सवारी: प्रशासन ने की बैठक, भजन मंडली में 50 से ज्यादा सदस्य नहीं, हथियार और पटाखे पूरी तरह बैन

शुद्धता पर आई बहस; सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से सार्वजनिक जवाब मांगने वाले नानूराम कुमावत का यह वीडियो सामने आने के बाद अब मुद्दा राजनीतिक मांग से निकलकर खुद की तैयारी और राष्ट्रगीत के शुद्ध पाठ पर आ टिका है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि राष्ट्रीय भावना और सम्मान की बात करने से पहले खुद उस पवित्र गीत के सही उच्चारण का अभ्यास होना चाहिए था। 19 सितंबर के कार्यक्रम से पहले अब इंदौर की राजनीति में यह बहस छिड़ गई है कि सवाल उठाने वाले खुद राष्ट्रगीत के शब्दों को लेकर कितने गंभीर हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m