इन्द्रपाल सिंह, इटारसी। मध्य प्रदेश के इटारसी में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में अब घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। गुरुद्वारे के बाहर हुई वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में हत्या से कुछ समय पहले मृतक और दोनों आरोपी एक साथ दिखाई दे रहे हैं। यह वारदात इटारसी थाने से करीब 300 मीटर की दूरी पर हुई थी।

पुलिस के अनुसार, मृतक विक्रम अपने परिचित गुलशन और सनी शर्मा के साथ बाइक पर मौजूद था। इसी दौरान तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुरुद्वारे में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हुई। वीडियो में तीनों के बीच मोबाइल को लेकर बातचीत और फिर बहस होती दिखाई दे रही है। इसके बाद विवाद बढ़ा और गुलशन ने विक्रम पर चाकू से हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें: रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट; नौकर पर शक की सुई

पुलिस के मुताबिक, विक्रम पर चाकू से दो बार वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना से पहले मंगलवार को विक्रम, गुलशन और सनी शर्मा स्टेशन के पास बैठे थे। पुलिस के अनुसार, वहां शराब पीने के दौरान विक्रम ने गुलशन से अपने 100 रुपये वापस मांगे थे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू होने की जानकारी सामने आई है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में गुलशन और सनी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। अब वायरल CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m