इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के जंगल में वन विभाग की टीम पर हमला हुआ है। अतिक्रमणकारियों ने गोफन, पत्थर और लाठियों से जानलेवा हमला किया। जिससे पांच से ज्यादा वनरक्षक घायल हो गए। कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरा मामला खंडवा वन मंडल के गुड़ी वन परिक्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आमाखुजरी बीट के कक्ष क्रमांक 748 और 749 में वन विभाग की विशेष टीम गश्त पर गई थी। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने गोफन, पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में कई वनरक्षक घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। साल 2025 में भर्ती हुए 45 नवपदस्थ वनरक्षकों को प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद गुड़ी रेंज में स्पेशल फ्लाइंग स्क्वॉड के रूप में तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें: राजधानी में डबल मर्डर केस: पुलिस की 5 टीम गठित, बुजुर्ग दंपति का एक ही कमरे में मिला था शव
इनका उद्देश्य वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण पर रोक लगाना और जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। रविवार सुबह यह विशेष दल नियमित गश्त और निगरानी के लिए आमा खुजरी क्षेत्र पहुंचा था। हमले में घायल होने वालों में वनरक्षक ज्वाला सिंह, रोमांक नायक, शैलेंद्र यादव, राजेंद्र सिंह सक्तावत, राजेंद्र बागड़ी, प्रदीप बघेल, चंद्रपाल तोमर और राहुल लोधी समेत कुछ अन्य कर्मचारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

