इमरान खान, खंडवा। खंडवा में शासकीय छात्रावास के छात्रों ने खाने की गुणवत्ता और हॉस्टल स्टाफ के व्यवहार को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे छात्रों ने हाथों में खाने की थाली लेकर विरोध जताया। आरोप है कि भोजन में कई बार मरे हुए कीड़े और इल्लियां निकल चुके हैं। लेकिन शिकायत के बावजूद सुधार नहीं हुआ। छात्रों ने हॉस्टल स्टाफ पर अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया। मामले में सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह ने जांच के निर्देश दिए हैं।

हाथ में खाने की थाली और खराब भोजन की शिकायत… ये तस्वीरें खंडवा के लालचौकी क्षेत्र के सीनियर संयुक्त परियोजना बालक छात्रावास के छात्रों की है। छात्र करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि छात्रावास में कई बार भोजन में मरे हुए कीड़े और इल्लियां निकल चुके हैं। शिकायत करने पर कर्मचारियों का रवैया ठीक नहीं रहता और छात्रों से अभद्र व्यवहार किया जाता है।

ये भी पढ़ें: खंडवा में ठेला चोरी के शक में युवक की पिटाई, मुर्गा भी बनाया; वीडियो वायरल

छात्रों का कहना है कि कई बार खराब चावल और खराब गुणवत्ता का भोजन परोसा जाता है। स्टाफ से शिकायत करने पर समस्या का समाधान करने की बजाय छात्रों को ही डांट दिया जाता है। उन्होंने हॉस्टल स्टाफ को हटाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह ने छात्रों से चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभाग की जांच टीम को छात्रावास भेजकर पूरे मामले की जांच कराने और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m