संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर पूर्वी हिस्से में रफ्तार पकड़ ली है। निम्न दबाव क्षेत्र और मानसून की द्रोणिका के प्रभाव से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनो के दौरान कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कुछ स्थानों पर 4 इंच या इससे ज्यादा बारिश हो होने की संभावना है।

रविवार को जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रायसेन और नर्मदापुरम में तेज बारिश होने के आसार है। पूर्वी मध्य प्रदेश के अलावा भोपाल और ग्वालियर-चंबल संभाग में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। 16 से 18 अगस्त के बीच कुछ जिलों में तेज बारिश का दौर बन सकता है।

ये भी पढ़ें: MP Morning News: सीएम डॉ मोहन कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल, स्‍वतंत्रता दिवस पर 115 कैदी रिहा, 17 अगस्त से होगा खाद का वितरण

अब तक कितनी बारिश?

प्रदेश में अब तक 544.4 मिलीमीटर यानी करीब 21.4 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि इस अवधि तक करीब 24.4 इंच बारिश सामान्य मानी जाती है। इस हिसाब से प्रदेश में करीब 3 इंच बारिश कम हुई है। कुल बारिश सामान्य से 12 प्रतिशत कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में कमी 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 6 प्रतिशत है। 43 जिले अब भी सामान्य बारिश से पीछे हैं। इनमें बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया समेत कई जिले शामिल हैं। यहां बारिश की कमी 2 से 54 प्रतिशत तक दर्ज की गई है।

कहीं सामान्य से कम तो कहीं सामान्य से ज्यादा बारिश

पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम है। आगर-मालवा, आलीराजपुर, बैतूल, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा जिलों में भी सामान्य से कम बारिश हुई अब तक हुई है। इसके उलट प्रदेश के 12 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी बरसा है। इनमें भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन शामिल हैं।

जून में प्रदेश में सामान्य से करीब 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई की शुरुआत में हुई तेज बारिश से स्थिति संभली और महीने का बारिश कोटा पूरा हो गया। इसके बाद मानसून में दो बार ब्रेक लगा, जिससे कई दिनों तक बारिश की रफ्तार कम रही। अब अगस्त में मजबूत सिस्टम बनने से पूर्वी जिलों में बारिश फिर तेज हुई है। हालांकि जून में हुई बारिश की कमी अभी पूरी नहीं हो पाई है। मध्य प्रदेश में पूरे मानसून सीजन के दौरान सामान्य बारिश करीब 37.3 इंच रहती है। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे जिलों में सामान्य बारिश का आंकड़ा करीब 38 से 39 इंच के बीच रहता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m