मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक गतिविधियों से लेकर कानूनी कार्यवाहियों और त्योहारों की तैयारियों तक कई बड़ी खबरें सुर्खियों में हैं। पढ़िए 24 सितंबर की मध्य प्रदेश की प्रमुख खबरें:
CM मोहन यादव का देवास दौरा, शाम को नवनियुक्त अभ्यर्थियों को देंगे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह भोपाल से देवास के पुंजापुरा रवाना होंगे। वे ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ कार्यक्रम में शामिल होकर सिंगल क्लिक के जरिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। इसके बाद दोपहर में भोपाल लौटकर मंत्रालय में छात्रावासों की नवनिर्मित मेस का वर्चुअली शुभारंभ करेंगे, राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक लेंगे और शाम 5 बजे खनिज विभाग के नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
भोपाल में वकील से मारपीट मामला: जहांगीराबाद TI और 2 आरक्षकों पर FIR
भोपाल के जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता राकेश रावल के साथ मारपीट के विरोध में वकीलों के प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन को झुकना पड़ा। पुलिस ने जहांगीराबाद थाना प्रभारी (TI) राजन अहिरवार और दो आरक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मांग पूरी होने पर वकीलों ने कोर्ट चौराहे पर जश्न मनाया। हालांकि, ट्रैफिक सिपाही की शिकायत पर अधिवक्ता राकेश रावल पर भी मामला दर्ज हुआ है।
पूर्व पार्षद की ‘श्याम डेयरी’ पर छापा, 750 किलो घी-वेज फैट जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विदिशा स्थित श्याम डेयरी इंडस्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य की 750 किलो अमानक सामग्री सील की है। बिना लाइसेंस मल्टीपरपज वेज फैट बनाने और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण पाए जाने पर प्रशासन ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर कचरा प्रबंधन में लापरवाही, HC में आज सुनवाई
भोपाल रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई और सही कचरा प्रबंधन न होने पर मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPPCB) ने सख्त कदम उठाया है। बोर्ड ने रेलवे पर 10.06 लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए रिकवरी नोटिस जारी किया है। NGT की सेंट्रल जोन बेंच में चल रही याचिका पर आज सुनवाई होनी है।
बहुचर्चित MP नर्सिंग कॉलेज मामले में आज हाई कोर्ट में सुनवाई
प्रदेश के बहुचर्चित नर्सिंग घोटाले मामले में आज मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में फिर सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने 189 नर्सिंग कॉलेजों के छात्रों को परीक्षा में शामिल होने और रुके हुए परिणाम घोषित करने की बड़ी राहत दी थी, साथ ही डुप्लीकेट फैकल्टी वाले कॉलेजों पर जुर्माना और पौधे लगाने का निर्देश दिया था।
भोपाल में गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां पूरी, 184 गोताखोर और 13 क्रेन तैनात
राजधानी भोपाल में अनंत चतुर्दशी तक चलने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर निगम और पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के 7 प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट, ट्यूब, 13 क्रेन, 12 पोकलेन और 184 गोताखोर तैनात किए गए हैं। दो दर्जन से अधिक स्थानों पर नगर निगम के स्टॉल लगाए गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


