भोपाल। MP Morning News: मध्य प्रदेश में आज कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा नीट परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में प्रदेश भर के करीब 1 लाख 18 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। एमपी के 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर में सर्वाधिक केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, मेटल डिटेक्टर, जैमर्स और आधिकारिक घड़ियां इंस्टॉल की गई है। सेंटर के बाहर कैनोपी (शेड) की व्यवस्था भी की गई है। कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्र तक सीआरपीएफ प्रश्न पत्र पहुंचाएगी। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए 44 साइबर कमांडो तैनात किए गए हैं। स्टेट सायबर मुख्यालय से नजर रखी जा रही है।
आज दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक NEET परीक्षा होगी। भोपाल में NEET के लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। मेट्रो निर्माण कार्य के चलते कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। छात्रों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील है। अभ्यर्थियों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है।
आनंद नगर परीक्षा केंद्र जाने वाले छात्रों के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल, महात्मा गांधी चौराहा होकर पहुंचने की सलाह दी गई है। गौतम नगर स्थित परीक्षा केंद्रों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है। नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर, जेपी ब्रिज तिराहा मार्ग उपयोग करने की सलाह दी गई। केंद्रों के आसपास वाहन पार्किंग नहीं करने की अपील भी की गई है। इससे जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर: 7049104825, 7049104640 और व्हाट्सएप नंबर 7587602055 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन
राजधानी भोपाल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया है। टीटी नगर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कृष्णा गौर मौजूद हैं। मंत्री के साथ-साथ कई सामाजिक संगठन और छात्र छात्राएं योग में शामिल हैं। शौर्य स्मारक पर NCC कैंडेट्स का सामूहिक योग आयोजन किया गया। वहीं जबलपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योग किया।
पांच दिवसीय हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ
भोपाल पीरिया मोहल्ला, खजूरी कला स्थित मंदिर में पांच दिवसीय हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ रविवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। मंदिर में सोमवार से प्राण प्रतिष्ठा के पूजन, हवन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।
पंचकल्याणक के लिए पात्र चयन आज
अतिशय क्षेत्र समरगढ़ एवं कुराना जी की प्राचीन दिव्य प्रतिमाओं के पंचकल्याणक महामहोत्सव के लिए पात्र चयन समारोह रविवार, 21 जून को अशोका गार्डन स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में सुबह 8 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें राजधानी एवं आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
जश्न-ए-तालीम में मेधावी छात्र सम्मानित होंगे
“जश्न-ए-तालीम 2026 परवाज-ए-अबाबील अवार्ड सेरेमनी (सीजन-2)” का आयोजन रविवार शाम 5 बजे रवींद्र कन्वेंशन सेंटर, पॉलिटेक्निक चौराहा में होगा। परवाज्ज सोशल अवेयरनेस एंड वेलफेयर सोसायटी के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य मुस्लिम समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

