भोपाल। असत्य पर सत्य की जीत का महापर्व विजयादशमी आज मध्य प्रदेश भर में बेहद हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर राज्यभर में सरकारी शस्त्र-पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर दौरे पर रहेंगे, जहां वे दोपहर 12 बजे डीआरपी लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होकर शस्त्र पूजन करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 1:55 बजे भोपाल लौटेंगे, जहां रात 8 बजे कोलार रोड और रात 9 बजे सलैया दशहरा मैदान पर आयोजित रावण दहन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
प्रदेशभर में मंत्री संभालेंगे शस्त्र पूजन की कमान
सरकार की ओर से आज प्रदेश के सभी जिलों में भव्य शस्त्र-पूजन का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश के अन्य मंत्री अलग-अलग जिलों में शस्त्र पूजन करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर में, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा मंदसौर में और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल रीवा में सरकारी शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार में, प्रहलाद सिंह पटेल नरसिंहपुर में, राकेश सिंह जबलपुर में, करण सिंह वर्मा सीहोर में और उदय प्रताप सिंह नर्मदापुरम में पूजन करेंगे। कुल 31 जिलों में सरकार के मंत्री तो वहीं 24 जिलों में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शस्त्र पूजन करेंगे।
राजधानी भोपाल में रावण दहन के भव्य आयोजन और रूट डायवर्जन
राजधानी भोपाल में विजयादशमी पर असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक रावण दहन के 18 से अधिक बड़े आयोजन होने जा रहे हैं। जंबूरी मैदान में 101 फीट, कोलार में 105 फीट और कलियासोत में 90 फीट ऊंचे रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। टीटी नगर, बिट्टन मार्केट, बैरागढ़, गांधीनगर, अयोध्या नगर, भेल और शाहपुरा समेत कई प्रमुख स्थानों पर भव्य तैयारियां की गई हैं। इन आयोजनों के दौरान ड्रोन से पुष्पवर्षा, डिजिटल आतिशबाजी, लेजर शो और राम-रावण युद्ध का मंचन मुख्य आकर्षण रहेगा। प्रशासन ने सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए बड़े मैदानों की ओर जाने वाले मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है। साथ ही, शहरभर में 50 से 60 स्थानों पर RSS के पथ संचलन भी निकाले जाएंगे।
भोपाल में प्रमुख चौराहों पर धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन पर रोक
दिल्ली की तर्ज पर अब भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने भी शहर के प्रमुख चौराहों पर धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। धारा 163 के तहत जारी आदेश के मुताबिक, रोशनपुरा चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा और किलोल पार्क जैसे अहम मार्गों पर हड़ताल, धरना और आंदोलन प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। राजभवन, एयरपोर्ट और हमीदिया अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने और आम जनता को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है। यह प्रतिबंध आगामी 2 महीने तक प्रभावी रहेगा।
कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान जारी
दूसरी ओर, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और ‘वोट चोरी’ के मुद्दों को लेकर कांग्रेस अक्टूबर माह में अपने आंदोलन को और तेज करने जा रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम तय किए गए हैं। इसके तहत सार्वजनिक बैठकों और जनसंपर्क के माध्यम से पर्चे बांटे जा रहे हैं, जबकि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ ब्लॉक स्तर पर मार्च निकालने और पुतले जलाने के कार्यक्रम भी इस कड़ी का हिस्सा हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

