कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस संवेदनशीलता पर सवाल उठाने वाली एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। मुरार थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दुष्कर्म की एक 26 वर्षीय गर्भवती पीड़िता ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला का आरोप है कि वह न्याय के लिए कई दिनों से थाने के चक्कर काट रही थी लेकिन पुलिस उसकी FIR दर्ज नहीं कर रही थी। आत्मघाती कदम उठाने के बाद आनन-फानन में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें: MP में मानसून की दस्तक के बीच अन्नदाताओं से बड़ा धोखा: वेयरहाउस में नामी ब्रांड के नाम पर पैक हो रहा था नकली सोयाबीन बीज

नौकरी और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, फिर मुकरा आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, मुरार इलाके की रहने वाली पीड़िता ने बैंक कियोस्क सेंटर संचालक गजेंद्र केवट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपी गजेंद्र ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया और उसे अपने हाल पर छोड़ दिया।

थाने में सुनवाई नहीं होने पर उठाया आत्मघाती कदम

पीड़िता का आरोप है कि वह आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए पिछले कई दिनों से मुरार थाने के चक्कर लगा रही थी, लेकिन उसकी गुहार नहीं सुनी जा रही थी। इसी बात से हताश होकर वह एक बार फिर शिकायत लेकर थाने पहुंची और वहीं परिसर में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ गटक लिया। महिला की हालत बिगड़ते देख थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

पुलिस का दावा: ‘थाने से नहीं, प्रेमी से परेशान थी महिला’

इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारियों में खलबली मच गई और आनन-फानन में आरोपी गजेंद्र केवट के खिलाफ दुष्कर्म (Rape) का मामला दर्ज कर लिया गया। हालांकि इस मामले में सीएसपी अतुल कुमार सोनी ने पुलिस की लापरवाही से साफ इनकार किया है।

ये भी पढ़ें: ‘ट्रैक्टर टोचन’ प्रतियोगिता या सट्टा कारोबार! प्रशासन ने कराया आयोजन बंद, 10 जिलों से सैकड़ों प्रतिभागी हुए शामिल, लग रहा था लाखों का सट्टा

पुलिस का दावा है कि महिला पुलिस की कार्यप्रणाली से नहीं, बल्कि अपने प्रेमी की प्रताड़ना से परेशान थी। इससे पहले भी आरोपी को थाने बुलाया गया था, लेकिन उस वक्त महिला ने खुद FIR कराने से मना कर दिया था। पुलिस का कहना है कि जब महिला ने जहर खाया, उस वक्त भी FIR दर्ज करने की कागजी कार्रवाई की ही जा रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m