पीयूष जायसवाल, खाचरौद (उज्जैन)। उज्जैन जिले की खाचरौद तहसील के ग्राम नंदवासला में बिना प्रशासनिक अनुमति के धड़ल्ले से चल रही ट्रैक्टर रस्साकशी (टोचन) प्रतियोगिता पर प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। तहसीलदार और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से चल रहे इस खेल को तुरंत बंद करवा दिया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से आयोजन स्थल पर मौजूद सैकड़ों लोगों और प्रतिभागियों में हड़कंप मच गया।

ये भी पढ़ें: SECL रिटायर्ड कर्मचारियों की गाढ़ी कमाई पर ठगी का खेल, GNS फाइनेंस कंपनी के 5 लोगों पर FIR, SP ने जारी की चेतावनी

8 से 10 जिलों से पहुंचे थे सैकड़ों प्रतिभागी

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नंदवासला में बड़े पैमाने पर इस ट्रैक्टर रस्साकशी प्रतियोगिता का ताना-बाना बुना गया था। इसमें केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि 8 से 10 जिलों से सैकड़ों प्रतिभागी अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर दमखम दिखाने पहुंचे थे। इस खतरनाक स्टंट और प्रतियोगिता को देखने के लिए आस-पास के इलाकों से भारी तादाद में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी।

मौके पर पहुंचे अधिकारी, जब्त किया सामान

अवैध आयोजन की भनक लगते ही तहसीलदार प्रकाश परिहार एवं थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया भारी पुलिस बल के साथ आयोजन स्थल पर आ धमके। जब अधिकारियों ने आयोजन समिति से अनुमति से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे तो आयोजक कोई भी कागज पेश नहीं कर सके। वैध अनुमति न होने पर पुलिस और प्रशासन ने तत्काल प्रतियोगिता को रुकवाया। इसके साथ ही मौके पर लगे भारी-भरकम साउंड सिस्टम और अन्य प्रचार सामग्री को जब्त कर लिया गया।

लाखों के दांव और सुरक्षा का खतरा

स्थानीय सूत्रों की मानें तो इन दिनों ग्रामीण इलाकों में ट्रैक्टर रस्साकशी (टोचन) का क्रेज तेजी से बढ़ा है, जिसमें हार-जीत पर लाखों रुपये का सट्टा लगाया जाता है। कई बार नतीजों को लेकर टीमों के बीच खूनी संघर्ष और विवाद की स्थिति बन जाती है, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ती है। अनियंत्रित ट्रैक्टरों के कारण कई बार गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिससे मानव जीवन की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडराता रहता है।

ये भी पढ़ें: NEET रद्द होने का दर्दनाक पहलू: मजदूर का बेटा डिप्रेशन में आया, 3 दिन से लापता, मां का रो-रोकर बुरा हाल

प्रशासन की सख्त चेतावनी

प्रशासनिक अधिकारियों ने इस पूरे आयोजन को नियमों के विरुद्ध और बेहद जोखिमपूर्ण करार दिया है। अधिकारियों ने आयोजक समिति को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में बिना किसी अधिकारिक अनुमति के ऐसा कोई भी आयोजन न किया जाए, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद भीड़ को खदेड़कर वापस भेज दिया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m