अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले में निवेश के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर लाखों की ठगी करने वाले कथित फाइनेंस गिरोह पर आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। GNS फाइनेंशियल सर्विसेज प्रा. लि. कंपनी के डायरेक्टर, उनकी पत्नी समेत 5 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस मामले में सबसे ज्यादा प्रभावित SECL के रिटायर्ड कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जिन्होंने अपनी जिंदगी भर की गाढ़ी कमाई बेहतर रिटर्न के लालच में कंपनी में निवेश कर दी थी।
बुढ़ार थाना क्षेत्र के धनपुरी रोड स्थित खंडेलवाल कॉम्प्लेक्स में संचालित GNS फाइनेंशियल सर्विसेज प्रा. लि. कंपनी के एजेंटों ने लोगों को यह भरोसा दिलाया था कि उनकी रकम मुंबई की प्रतिष्ठित निवेश कंपनी में लगाई जाएगी और हर महीने अच्छा ब्याज मिलेगा। साथ ही 5 साल में रकम दोगुनी होने का सपना दिखाया गया। सरईकापा निवासी संतोष वर्मन, मोहन सिंह समेत कई निवेशकों ने कंपनी के झांसे में आकर लाखों रुपये जमा कर दिए। शुरुआती कुछ महीनों तक कंपनी ने निवेशकों को ब्याज भी दिया, जिससे लोगों का भरोसा और बढ़ गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया, जब निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो उन्हें डराने-धमकाने तक की शिकायतें सामने आने लगीं।
ये भी पढ़ें: टेलीग्राम ऐप के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा: निजी कंपनी के कर्मचारी से 23 लाख 84 हजार की साइबर ठगी, शुरुआती मुनाफा दिखाकर बढ़ाया भरोसा, फिर ऐंठी रकम
जांच में सामने आई ये बात
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि कंपनी संचालकों ने अलग-अलग लोगों से विभिन्न खातों में पैसा जमा कराया और उनकी तरफ से ट्रेडिंग किए जाने का दावा किया गया। प्रथम दृष्टया मामला धोखाधड़ी का पाए जाने पर पुलिस ने सुखनंदन यादव, सरोज यादव, मुकेश यादव, विजय पाल और मोहम्मद अमीम के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। FIR के अनुसार यह अपराध 6 दिसंबर 2024 से 16 मई 2026 के बीच घटित होना बताया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 61(2) के तहत दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें: ऑनलाइन पानी की बोतल ऑर्डर करना पड़ा भारी: कॉलेज छात्रा के खाते से उड़े 2.99 लाख रुपये, ठगों ने रिफंड लिंक भेजकर मोबाइल किया हैक
एसपी ने की ये अपील
इस पूरे मामले में शहडोल एसपी रामजी श्रीवास्तव ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि ऐसे ठगों से सावधान रहें जो कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लोगों को फंसाते हैं। एसपी ने बताया कि एक शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि GNS कंपनी के लोग पैसा डिपॉजिट कराकर अच्छे रिटर्न की गारंटी दी थी, लेकिन बाद में धोखाधड़ी की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
बिना डरे करे शिकायत
एसपी ने जिलेवासियों से यह भी कहा है कि यदि किसी और व्यक्ति ने भी इस कंपनी में पैसा लगाया हो और उसके साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी हुई हो, तो वह बिना डरे संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराए। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

