चंकी बाजपेयी, इंदौर। शहर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खजराना थाना क्षेत्र में रहने वाली एक छात्रा ऑनलाइन पानी की बोतल ऑर्डर करने के बाद साइबर अपराधियों के जाल में फंस गई। ठगों ने पहले ऑर्डर कैंसिल होने का झांसा देकर रिफंड के नाम पर लिंक भेजा और फिर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
READ MORE: कई महीनों तक जीता विश्वास और फिर… नकली सोने के सिक्कों से 26 लाख की ठगी! CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार छात्रा ने ऑनलाइन पानी की बोतल ऑर्डर की थी। कुछ समय बाद उसे फोन कर बताया गया कि उसका ऑर्डर कैंसिल हो गया है और रिफंड पाने के लिए एक लिंक पर क्लिक करना होगा। छात्रा ने लिंक ओपन कर दी, लेकिन खाते में कोई राशि वापस नहीं आई। इसके बाद 20 मई को छात्रा के पास दोबारा कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसके पास छात्रा के अश्लील फोटो और वीडियो हैं। आरोपी ने उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए 30 हजार रुपये की मांग की। बदनामी के डर से छात्रा ने यूपीआई के माध्यम से 30 हजार रुपये भेज दिए।
READ MORE: आवारा कुत्ते ने 3 साल की बच्ची को नोचा: चेहरे पर लगे 55 टांके, गंभीर हालत में आगर से इंदौर रेफर
मामले का खुलासा तब हुआ जब 9 जून को छात्रा कॉलेज में फीस जमा करने पहुंची। बैंक खाते की जांच करने पर उसे पता चला कि उसके अकाउंट से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2 लाख 99 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। इसके बाद छात्रा ने खजराना थाने में शिकायत दर्ज कराई। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और बैंक ट्रांजैक्शन की जानकारी भी खंगाली जा रही है।

