अमित मंकोडी, आष्टा (सीहोर)। नगर के बुधवारा क्षेत्र में एक स्वर्णकार के साथ करीब 26 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन शातिर ठगों ने महीनों तक विश्वास का संबंध बनाकर नकली सोने के सिक्कों के जरिए लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया और फरार हो गए। घटना के बाद पूरे व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवारा निवासी स्वर्णकार गिरिराज सोनी के पास कुछ समय पहले एक व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने धीरे-धीरे स्वर्णकार से संपर्क बढ़ाया और कई महीनों तक छोटे-बड़े लेन-देन कर विश्वास कायम किया। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से सोने के सिक्के बेचने का प्रस्ताव रखा और उन्हें असली सोना बताकर स्वर्णकार को अपने झांसे में ले लिया।

ये भी पढ़ें: MP में डूबने से चार की मौत: जबलपुर में दो युवक, शिवपुरी में दो चचेरे भाइयों की जान गई

सिक्कों की जांच पर हुआ खुलासा

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सोने के सिक्कों के बदले करीब 22 लाख रुपये नकद और लगभग 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण प्राप्त कर लिए। बाद में जब सिक्कों की जांच कराई गई तो वे नकली पाए गए। इस तरह कुल ठगी की राशि 26 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

व्यापारी संगठनों ने की ये मांग

प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका सामने आई है, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने पूरी वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। पहले व्यापारी का विश्वास जीता गया और फिर नकली सोने के सिक्कों के माध्यम से लाखों रुपये की चपत लगा दी गई। घटना के बाद नगर के स्वर्णकारों-व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारिक संगठनों ने भी इस तरह की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

ये भी पढ़ें: बालाघाट में थाने से 100 मीटर दूर दुकानदार की हत्या: पिता-पुत्र गिरफ्तार, इस बात को लेकर हुआ था विवाद

शुद्धता परखे बिना न करे बड़ा सौदा

व्यवसायियों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बड़ी राशि अथवा कीमती धातुओं का लेन-देन करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें और सोने-चांदी की शुद्धता की पुष्टि किए बिना कोई बड़ा सौदा न करें। आष्टा थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने कहा कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m