कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। टेलीग्राम ऐप के जरिए एक निजी कंपनी के कर्मचारी को पहले मोटे मुनाफे का लालच दिया गया और फिर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराते हुए उससे 23 लाख 84 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। ई-जीरो एफआईआर के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

READ MORE: फर्जी वीडियो से चुनाव आयोग के सचिव को बदनाम करने की साजिश! भोपाल पुलिस कमिश्नर से शिकायत, साइबर जांच शुरू 

दरअसल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी राकेश जो ग्वालियर के शताब्दीपुरम क्षेत्र में किराए से रहकर एक निजी कंपनी में काम करते हैं, उनके मोबाइल पर टेलीग्राम ऐप के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश का मैसेज आया। लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें रेटिंग ऐप और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया। शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश कराने के बाद उन्हें 1600 रुपये का मुनाफा भी मिला। इससे उनका भरोसा बढ़ गया और ठगों ने उन्हें बड़े निवेश के लिए तैयार कर लिया। इसके बाद ठगो ने अलग-अलग बहाने बनाकर कई बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कराए। ऑनलाइन खाते में लगातार मुनाफा दिखता रहा, लेकिन जब राकेश ने अपनी मूल राशि और प्रॉफिट निकालने की कोशिश की तो रकम नहीं निकली। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

READ MORE: बीना-ग्वालियर पैसेंजर में 16 लाख के गहने पार: शातिर चोरों ने चलती ट्रेन में काटा ट्रॉली बैग, 10 सदस्यीय टीम जांच में जुटी

पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर ई-जीरो एफआईआर दर्ज हुई। मामला महाराजपुरा थाना पहुंचने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सात अलग अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई थी। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m