एस.आर. रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना रेल खंड पर सफर कर रहे एक यात्री के साथ बड़ी चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में भारी भीड़ का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने एक यात्री के ट्रॉली बैग से करीब 16 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी वारदात के बाद से रेलवे पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़ें: चोरों का आतंक: ढीमरखेड़ा के ठिर्री गांव में घर को बनाया निशाना, नगदी-मोबाइल समेत लाखों के सोने-चांदी के जेवर पार, गांव के ही कुछ लोगों पर संदेह
शादी में जा रहे परिवार को बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित आबिद खान अपने परिवार के साथ मुंगावली से म्याना एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। ट्रेन में सफर के दौरान उनका कीमती सामानों से भरा ट्रॉली बैग ऊपर की सीट पर रखा हुआ था। आबिद खान ने बताया कि अशोकनगर स्टेशन के पास कुछ युवकों ने ट्रेन में बैठने के बहाने उनका बैग खुद ही ऊपर व्यवस्थित कर रखवाया था जो कि उनकी सोची-समझी साजिश का हिस्सा था।
भीड़ बढ़ते ही सीट के ऊपर चढ़कर खोल दी चेन
ट्रेन जब रेटवास से गुना के बीच आगे बढ़ रही थी तभी बोगियों में अचानक यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। इसी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर तीन संदिग्ध युवक सीट के ऊपर चढ़कर बैठ गए और बड़ी ही चालाकी से आबिद खान के ट्रॉली बैग की चेन खोल दी। शातिर चोरों ने पगारा और मावन स्टेशनों के बीच ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर उतरकर रफूचक्कर होने की योजना बनाई। गुना स्टेशन पहुंचने से पहले जब पीड़ित ने अपना बैग चेक किया, तो उसके होश उड़ गए; बैग के अंदर रखी पूरी ज्वेलरी गायब थी।
108 ग्राम सोना और 800 ग्राम चांदी गायब, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पीड़ित के मुताबिक बैग से 108 ग्राम वजन के 6 सोने के हार, कड़े, कंगन, अंगूठियां और लगभग 800 ग्राम चांदी की पायल चोरी हो चुकी हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना की शिकायत गुना जीआरपी (GRP) थाने में दर्ज कराई गई है।
ये भी पढ़ें: सोन नदी में पिकनिक मनाने गए एक ही परिवार के 4 लोग डूबे, 3 लड़कियां और 1 युवक शामिल, एक का शव बरामद
जीआरपी थाना प्रभारी श्रीपाल सिंह भदौरिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए 10 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है। एएसपी साइबर सेल के नेतृत्व में गुना से लेकर बीना तक के सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि शातिर चोरों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।

