आशुतोष द्विवेदी, रीवा। जिले के पनवार थाना क्षेत्र से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ग्राम देवरी में तालाब में नहाने गए 22 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि देवरी गांव निवासी रामेश्वर कोल दोपहर के समय गांव के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाते वक्त अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।

युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंच गए और अपने स्तर पर युवक की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद पनवार पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पनवार थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने एक बार फिर तालाब में युवक की तलाश शुरू की। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार युवक का शव तालाब से बरामद कर लिया गया।

शव बाहर निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। युवक की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा भेज दिया है। फिलहाल पनवार पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m