सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से विकास कार्यों की गुणवत्ता और सरकारी दावों की पोल खोलती एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां चितरंगी जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत ओड़नी के रेहड़ा आदिवासी बस्ती में लाखों रुपए की लागत से बनी एक PCC सड़क निर्माण के महज 20 दिन बाद ही पूरी तरह उखड़ने लगी है। सड़क की इस बदहाली को देख ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने निर्माण कार्य में जमकर भ्रष्टाचार और लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं।
ये भी पढ़ें: शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर, दूसरे चरण का सीट आवंटन जारी, 4 जुलाई तक जमा करनी होगी फीस
20 दिन में ही बदहाल हुई सड़क
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि इस नई पक्की सड़क के बनने से आदिवासी बस्ती के लोगों का आवागमन आसान और बेहतर हो जाएगा लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते सड़क बनने के कुछ ही दिनों के भीतर टूटकर बिखरने लगी है। तस्वीरों में भी साफ देखा जा सकता है कि सड़क की ऊपरी सतह जगह-जगह से पूरी तरह उखड़ चुकी है और गिड्डियां बाहर निकल आई है।
गुणवत्ता जांच पर उठे बड़े सवाल
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर लाखों रुपये के बजट से होने वाले इन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समय पर जांच क्यों नहीं की गई? ग्रामीणों के मुताबिक इस घटिया सड़क का निर्माण जनपद पंचायत के माध्यम से कराया गया है। ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत के कारण ही सड़क में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ, जिससे यह पहली ही बारिश या सामान्य इस्तेमाल भी नहीं झेल सकी।
ये भी पढ़ें: MSP गेहूं खरीदी घोटाले में बड़ी कार्रवाईः 19 समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों पर FIR, करोड़ों के घोटाले की आशंका
ठंडे बस्ते में जाएगी फाइल या होगी कार्रवाई?
सड़क निर्माण में हुए इस कथित भ्रष्टाचार और ग्रामीणों के आरोपों को लेकर जब चितरंगी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) से फोन के जरिए उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। अधिकारी के फोन न उठाने से विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना बेहद दिलचस्प होगा कि खबर मीडिया में आने के बाद जिला प्रशासन इस मामले को संज्ञान में लेकर जांच कमेटी बिठाता है और दोषियों पर कार्रवाई करता है, या फिर भ्रष्टाचार के आरोपों की यह फाइल भी हमेशा की तरह ठंडे बस्ते में डाल दी जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

