इदरीश मोहम्मद, पन्ना। ​पन्ना-अमानगंज मुख्य मार्ग के कुर्सी मोड़ से आज सुबह एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने भी यह सुना, उसकी रूह कांप उठी। रफ्तार के विलेन ने एक बार फिर हंसते-खेलते परिवार को वो जख्म दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। एक तेज रफ्तार और बेलगाम ट्रक-ट्राला ने मोटरसाइकिल को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि दो वर्षीय मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि मासूम का शव सड़क पर क्षत-विक्षत हो गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कलेजा मुंह को आ गया।

ये भी पढ़ें: काल बनकर दौड़ा वाहन: सड़क हादसे में पुलिस जवान की दर्दनाक मौत, दोस्त अस्पताल में लड़ रहा जिंदगी की जंग

मिली जानकारी के मुताबिक, विलहटा निवासी गुमान आदिवासी अपनी दीदी सावित्री बाई और दो वर्षीय भांजे मुकेश को बाइक पर बैठाकर अमानगंज की तरफ जा रहा था। तभी कुर्सी मोड़ के पास सामने से आ रहे नागालैंड पासिंग ट्राला ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मृत बालक की मां सावित्री बाई के दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ​इंसानियत को शर्मसार करते हुए आरोपी चालक मौके पर ही ट्राला छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, अमानगंज पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m