Bihar News: पटना कोचिंग विवाद मामले में जेल में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में मिला। मामले में नेपाल पुलिस ने प्रिंस यादव के साथ होटल में उनके साथ ठहरे हुए सभी युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं, इस घटना पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।

एक भाई जेल में बंद, दूसरे की हत्या!

सांसद पप्पू यादव ने घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ज्ञानबिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल विराटनगर में हुई हत्या अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बिहार सरकार से यह मांग किया की सरकार नेपाल प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए। इसके साथ ही हत्यारों पर अविलंब कार्रवाई हो। बिहार सरकार इसे भी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि, एक भाई जेल में बंद हैं और दूसरे की हत्या! मेरी संवेदना परिवार के साथ है।

मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत कैसे हुई? अभी तक इसे लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल नेपाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव नेपाल के होटल में अपने कुछ साथियों के साथ ठहरे हुए थे। इसी क्रम में उनकी संदिग्ध मौत हो गई। नेपाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

सूत्रों के अनुसार बीते 2 जून को खान सर के कोचिंग पर हुए मारपीट और पथराव मामले में भी प्रिंस यादव का नाम सामने आया था, जिसके बाद से वे फरार चल रहे थे। हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। नेपाल पुलिस ने प्रिंस के शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा, जिसके बाद पुलिस जांच को आगे की क्रम में बढ़ाएगी।

अभी भी जेल में बंद हैं रौशन आनंद

पटना कोचिंग विवाद में ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद अभी भी जेल में बंद हैं, शुक्रवार को उनकी जमानत याचिका पर होने वाली सुनवाई टाल दी गई थी। खान सर के वकील ने तबीयत खराब होने की बात कहकर मामले की सुनवाई को आगे बढ़ाने का आग्रह किया था, जिसके बाद अदालत ने 15 जून तक के लिए सुनवाई को टाल दिया था। अब कल सोमवार को एक बार फिर से उनकी जमानत पर सुनवाई होगी। ऐसे में अब यह देखने वाली बात हो की क्या कल होने वाली सुनवाई में रौशन आनंद को जमानत मिल पाती है या नहीं?

ये भी पढ़ें- ‘विपक्ष के उकसावे का शिकार बन रहे नौजवान’, पाटलिपुत्र जंक्शन पर हुए बवाल पर जदयू नेता का बड़ा बयान