शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी कुछ दिन राजनीतिक गहमागहमी से भरे रहने वाले हैं। 17 से 20 सितंबर के बीच देश की राष्ट्रीय राजनीति का केंद्र मध्यप्रदेश बनने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और कांग्रेस के शीर्ष दिग्गज एक के बाद एक मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं।

17 सितंबर: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का दौरा  

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन का यह पहला मप्र दौरा है। 17 सितंबर को वे उज्जैन और मंदसौर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उज्जैन में 25 लाख दीप प्रज्वलित कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत करेंगे। वे मंदसौर स्थित गांधी सागर सेंचुरी जाएंगे और कूनो से लाए गए चीतों को बाड़े में रिलीज करेंगे। इसके अलावा इंदौर में आयोजित स्वामित्व योजना के कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।

17-18 सितंबर: संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का उज्जैन दौरा 

आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 17 और 18 सितंबर को उज्जैन में रहेंगे। 17 को वे उज्जैन पहुंचकर संघ के स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। मध्यप्रदेश की पहली ‘युवा धर्म संसद’ में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में स्वामी अवधेशानंद गिरि, प्रसिद्ध गीतकार मनोज मुंतशिर और IIM इंदौर के निदेशक हिमांशु राय भी शामिल होंगे। इसके साथ ही वे 25 लाख दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

19 सितंबर: इंदौर में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ और Gen Z से संवाद 

संघ और भाजपा के मेगा शो के बीच 19 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर पहुँच रहे हैं। राहुल गांधी इंदौर में छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत युवाओं, Gen Z, वर्तमान शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के संघर्ष और स्थानीय मुद्दों पर सीधा संवाद करेंगे।

20 सितंबर: भोपाल में दत्तात्रेय होसबोले का 50 हजार लोगों से संवाद 

20 सितंबर को संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले राजधानी भोपाल में रहेंगे। वे 30 हजार Gen Z (युवाओं) समेत करीब 50 हजार लोगों से सीधा संवाद करेंगे। संघ, बीजेपी और कांग्रेस के इन बैक-टू-बैक कार्यक्रमों से प्रदेश का सियासी पारा चरम पर पहुँचने वाला है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m