बांसवाड़ा-डूंगरपुर के लोकप्रिय सांसद राजकुमार रोत संयुक्त राष्ट्र के एक बेहद महत्वपूर्ण वैश्विक मंच पर भारत के करोड़ों आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वाली संस्था स्टैंड विद नेचर ने उन्हें बधाई दी है।

अजय सैनी, भिवानी। स्टैंड विद नेचर के संस्थापक एवं अध्यक्ष लोकेश भिवानी ने बांसवाड़ा–डूंगरपुर से सांसद राजकुमार रोत को संयुक्त राष्ट्र (UN) के आदिवासी अधिकारों पर विशेषज्ञ तंत्र (EMRIP) के 19वें सत्र में भारत के आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी है। लोकेश भिवानी ने कहा कि यह केवल सांसद राजकुमार रोत की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि भारत के करोड़ों आदिवासी भाई-बहनों, उनकी संस्कृति, परंपराओं, अधिकारों और प्रकृति आधारित जीवन दर्शन को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजकुमार रोत संयुक्त राष्ट्र के इस महत्वपूर्ण मंच पर जल, जंगल, ज़मीन, संविधान प्रदत्त अधिकारों, वनाधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, भाषा, संस्कृति, आजीविका तथा विस्थापन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से दुनिया के सामने रखेंगे। MP Rajkumar Roat UN Representative के रूप में वैश्विक पटल पर भारत का गौरव बढ़ाएंगे।

जल जंगल जमीन पर होगी बात

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से प्रकृति का सबसे बड़ा संरक्षक रहा है। जल, जंगल और ज़मीन केवल संसाधन नहीं, बल्कि उनकी पहचान, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। आज जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास की बात कर रही है, तब आदिवासी समुदायों का पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने का उनका अनुभव पूरी मानवता के लिए प्रेरणा है। लोकेश भिवानी ने कहा कि स्टैंड विद नेचर हमेशा से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन और समुदाय आधारित विकास के लिए कार्य करता रहा है। संगठन का मानना है कि प्रकृति की रक्षा तभी संभव है जब उन समुदायों के अधिकार सुरक्षित हों, जिन्होंने सदियों से जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा की है।

वैश्विक मंच पर दिखेगा आदिवासियों का संघर्ष

उन्होंने आशा व्यक्त की कि संयुक्त राष्ट्र के इस वैश्विक मंच पर सांसद राजकुमार रोत भारत के आदिवासी समाज की वास्तविक चुनौतियों, उनके संघर्षों, उपलब्धियों और अपेक्षाओं को मजबूती से रखेंगे तथा विश्व समुदाय का ध्यान आदिवासी अधिकारों, सामाजिक न्याय और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आकर्षित करेंगे। स्टैंड विद नेचर की ओर से सांसद राजकुमार रोत को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पुनः हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए लोकेश भिवानी ने कहा कि पूरे देश को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। उन्हें विश्वास है कि उनकी आवाज़ संयुक्त राष्ट्र में भारत के आदिवासी समाज की सशक्त आवाज़ बनेगी और जल, जंगल, ज़मीन तथा प्रकृति संरक्षण के मुद्दों को वैश्विक स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।