शिखिल ब्यौहार, भोपाल। Exclusive: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। नामांकन के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी ने तीसरे प्रत्याशी का भी पर्चा दाखिल किया है। जिसके बाद एमपी की तीसरी सीट पर गणित उलझ गया है। चुनावी घमासान के बीच सियासत की कुंडली आखिर क्या कहती है ? इसे लेकर कई सटीक भविष्यवाणी कर चुके देश के जाने माने ज्योतिषाचार्य पंडित कमलेश शर्मा ने कुंडली बनाई है।

भाजपा-कांग्रेस ने इन्हें बनाया उम्मीदवार

भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश से तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल के नाम पर मुहर लगाई है। जबकि कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को प्रत्याशी बनाया हैं। वहीं नामांकन के आखिरी दिन बीजेपी ने तीसरे प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन पत्र जमा कराया।

महेश और मीनाक्षी की राशि एक, लेकिन कुंडली में बड़ा अंतर

पंडित कमलेश शर्मा के मुताबिक, महेश केवट और मीनाक्षी नटराजन की राशि एक है। लेकिन बीजेपी और कांग्रेस की कुंडली में बड़ा अंतर है। भाजपा की कुंडली में चंद्रमा में शुक्र की अंतर्दशा है। तीसरे भवन में सशक्त ग्रह शनि, मंगल, राहु और गुरु की युति है, भाग्य स्थान पर गुरु चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस की कुंडली मीन लगन की है। कन्या राशि है, शनि की दशा चल रही है। साफ है कि कांग्रेस संघर्ष करेगी। मनमुटाव भी चलेंगे, द्वादश स्थान पर राहु है, जो राजनीति के कारक भी हैं, जो की कमजोरी है।

ये भी पढ़ें: MP राज्यसभा चुनाव का नंबर गेमः एक सीट के लिए 58 वोट जरूरी, जानिए बीजेपी -कांग्रेस के पास संख्या का समीकरण

बीजेपी कैंडिडेट की स्थिति मजबूत, कांग्रेस में संघर्ष की स्थिति

ज्योतिषाचार्य के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी मजबूती की ओर है। बीजेपी के कैंडिडेट महेश केवट मजबूत स्थिति में है। दूसरी बात, कांग्रेस में शनि की महादशा है। सिंह राशि छठे स्थान पर है। सूर्य शनि की शत्रु है, कुंडली के आधार पर शनि की महादशा जब भी आती है तो संघर्ष जरूर करती है। भाजपा की कुंडली में भाग्य स्थान में राहु जो कि कारक ग्रह राजनीति के भाग्य स्थान पर चल रहे हैं। मजबूती की ओर है, कम संघर्ष में ज्यादा सफलता बीजेपी को मिलेगी। शनि संघर्ष करता है और नीचे की ओर भी लेकर जाता है। फल बाद का बाद में देता है और कांग्रेस में स्थिति बीजेपी की अपेक्षा बिल्कुल ठीक नहीं है। थोड़ी सी संघर्ष की स्थिति कांग्रेस की प्रदेश में रहने वाली है, समय लगेगा।

मप्र में कुल 230 विधानसभा सीट, वर्तमान में कुल 229 विधायक

मध्य प्रदेश में कुल 230 विधानसभा सीट है। जिसमें वर्तमान में कुल 229 विधायक है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती का निर्वाचन शून्य होने से दतिया सीट रिक्त है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तहत कांग्रेस के विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा वोट नहीं कर सकेंगे। वहीं कांग्रेस की बीना विधायक निर्मला सप्रे का अंदरूनी तौर पर बीजेपी को समर्थन है, लेकिन विधानसभा में कांग्रेस के खाते से विधायक हैं।

क्या है नंबर गेम

  • बीजेपी के पास कुल विधायकों की संख्या- 164
  • एक सीट पर जीत के लिए चाहिए- 58 वोट
  • बीजेपी की दो सीट के लिए कुल विधायक- 116
  • दो सीटों के बाद बीजेपी के बचे वोट- 48
  • ऐसे में तीसरे सीट के लिए अतिरिक्त वोट चाहिए- 10
  • कांग्रेस के कुल विधायकों की संख्या- 64
  • मुकेश मल्होत्रा और निर्मला सप्रे को घटाकर बजे- 62
  • एक सीट जीत के लिए चाहिए- 58
  • कांग्रेस के पास अतिरिक्त वोट- 04 हैं
  • बाप (BAP) पार्टी के पास है एक विधायक।

ये भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: बीजेपी के तीसरे प्रत्याशी केवट ने भरा पर्चा, सीएम डॉ. यादव बोले- जीत के लिए संकल्पित हैं हम

एमपी की तीन राज्यसभा सीटों पर होगा वोटिंग

10 राज्यों की 24 सीटों पर चुनाव होगा। जिसमें गुजरात, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में 4-4 सीटों पर वोटिंग होनी है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों पर चुनाव होगा। वहीं झारखंड में 2, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक सीट पर इलेक्शन होगा।

मध्य प्रदेश में इनका कार्यकाल हो रहा खत्म

राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा और रवनीत सिंह बिट्टू समेत 24 नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। वहीं मध्यप्रदेश से दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी की राज्यसभा सीट खाली हो रही है।

18 जून को मतदान

चुनाव आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, 1 जून 2026 से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी। 11 जून को नाम वापस की अंतिम तारीख निर्धारित की गई है। वहीं 18 जून 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m