MP Road Accident: मध्य प्रदेश में मंगलवार का दिन सड़क हादसों से भरा रहा। अनूपपुर, शाजापुर समेत अलग-अलग जगहों पर दर्दनाक हादसे से चीख-पुकार मच गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं दर्जनों लोग घायल हो गए। जानिए किन जगहों पर खून से सड़कें लाल हो गई …
बाइक की टक्कर से युवक की मौत
न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। नेशनल हाईवे 43 टोल प्लाजा के पास सड़क पार कर रहे व्यक्ति को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर बिजुरी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पूरे मामले की जांच में जुट गई।

2 ट्रक की भिड़ंत, चालक की मौत
मोहित भावसार, शाजापुर। उकावता चौकी के पास नेशनल हाईवे नंबर 52 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। आगे चल रहे ट्रक को पीछे चल रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि एक ट्रक चालक की मौके पर मौत हो गई। वहीं उसी ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की वजह नींद की झपकी लगना था।

हादसे के बाद आगे चल रहे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने ट्रक में फंसे चालक और क्लीनर को निकाला। क्लीनर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि ड्राइवर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
हाइवे पर पलटी गाड़ी, 6 घायल
दीपक कौरव, नरसिंहपुर। तेंदूखेड़ा NH 45 रोड पर गाय को बचाने के चक्कर में एक स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी गई। गाड़ी में सवार 6 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चार लोगो को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

बहन का इलाज कराकर लौट रहे थे रीवा
घायल व्यक्ति रीवा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं जो इंदौर से अपनी बहन का इलाज कराकर वापिस रीवा जा रहे थे। तभी अचानक गाय सामने आ गई जिसे बचाने के चक्कर में गाड़ी अनियंत्रित होकर 3 बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
कचौरी मोड़ में बेकाबू हुआ ट्रक, केबिन में फसे क्लीनर की तड़पकर मौत
इदरीश मोहम्मद, पन्ना। शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कचौरी मोड़ के पास आज मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। कटनी से पन्ना की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक CG 31 C 5946) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्रक खेतों को चीरते हुए करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया और अंत में एक जामुन के पेड़ से जा टकराया। पेड़ से टकराते ही ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसा इतना भयानक था कि चालक और परिचालक दोनों लहूलुहान हालत में पिचके हुए केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही शाहनगर थाना प्रभारी परसराम डाबर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन मशीन की मदद से भारी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक के परिचालक शेष मणि (35 वर्ष), निवासी बुड़वा, तहसील ब्यौहारी, जिला शहडोल की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि चालक राम सजीवन पिता समय लाल यादव (22 वर्ष), निवासी बुड़वा, जिला शहडोल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत सीएचसी (CHC) शाहनगर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है। वही घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के असली कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सीहोर में चावल से भरा ट्रक पलटा
अनुराग शर्मा, सीहोर। जताखेड़ा के समीप आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां चावल से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी।


