उमेश यादव, रहली (सागर)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। जहां तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। यह पूरा मामला रहली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, रहली थाना क्षेत्र की बलेह चौकी अंतर्गत ग्राम गुड़ा खुर्द के पास स्थित रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व (नौरादेही अभयारण्य) के मोहली बीट स्थित चंदेना तालाब के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि 11 वर्षीय लवकुश सिंह आदिवासी पिता राहुल सिंह आदिवासी और 12 वर्षीय शिवम यादव पिता बाबू यादव, अपने एक अन्य साथी के साथ मवेशियों को लेकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब किनारे पत्थर पर पैर फिसलने से दोनों बच्चे गहरे पानी में जा गिरे और डूब गए।

ये भी पढ़ें: नहर में मिले युवक-युवती: एक अर्धनग्न हालत में मृत, दूसरे के हाथ-पैर टूटे; हादसा या हमला?

घटना को देख साथ मौजूद बच्चे ने दौड़कर ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही बलेह चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया।

ये भी पढ़ें: खुशियों के रंग से लिखा ‘मौत का पैगाम’! हाथ-पैरों पर मेहंदी से उकेरा सुसाइड नोट, फिर जो किया…

बताया जा रहा है कि शिवम अपने परिवार का इकलौता पुत्र था, जबकि दोनों बच्चों के पिता मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला तालाब में डूबने से हुई दुर्घटनावश मौत का माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m