अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गेहूं से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दंपति सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरी घटना रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्ष नगर करही की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बैरिहा गांव निवासी उमेश सिंह (40) अपनी पत्नी राजकली सिंह (38) के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान हर्ष नगर करही के पास सामने से आ रही गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार दंपति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: भोजशाला ड्यूटी के दौरान बाल-बाल बचा जवान: बाइक को टक्कर मारते हुए दुकान में घुसी कार, VIDEO आया सामने
वहीं ट्रैक्टर चालक संदीप कोल (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रामपुर बाघेलान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। इस दर्दनाक घटना की खबर मिलते ही बैरिहा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

