अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से मानवता को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी खौफनाक और विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जिसने सूबे में महिलाओं की सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं। इस पूरी वारदात में सबसे मार्मिक और सिस्टम को झकझोर देने वाली तस्वीर तब सामने आई, जब दोनों पैरों से लाचार एक 20 वर्षीय दिव्यांग नवविवाहिता न्याय की भीख मांगने के लिए अपने बूढ़े पिता की गोद में बैठकर महिला थाने पहुंची। बेटी के पैरों में चलने की ताकत नहीं थी और उसका हमसफर भी दिव्यांग था, लिहाजा एक बेबस पिता को अपनी कलेजे के टुकड़े को बांहों में उठाकर इंसाफ की चौखट तक लाना पड़ा। यह दर्दनाक नजारा देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

यह भी पढ़ें: बेटी का प्राइवेट पार्ट टच करता था पिता, मासूम ने बनाया VIDEO; पुलिस ने सुरक्षा के बजाय उसी नरक में धकेल दिया

घर में अकेला पाकर पड़ोसी ने लांघी मर्यादा की सारी हदें!

पीड़िता ने शहडोल महिला थाने में दर्ज कराई अपनी शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाला दरिंदा पलश राम कोल उर्फ ददुआ उसकी दिव्यांगता को कमजोरी समझकर लंबे समय से उस पर गंदी और नियत खराब रखता था।

वारदात वाले दिन पीड़िता का दिव्यांग पति किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। घर को सूना और महिला को असहाय पाकर आरोपी पलश राम कोल दबे पांव घर में घुस आया। उसने पीड़िता की आबरू से खिलवाड़ करने की कोशिश करते हुए उसके साथ जबरन अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। हालांकि पीड़िता ने अपनी पूरी ताकत से इसका कड़ा विरोध किया, जिसके बाद डरा हुआ आरोपी मौके से भाग निकला।

60 किलोमीटर का सफर… तब जाकर दर्ज हुई FIR

इस खौफनाक आपबीती को जब पीड़िता ने अपने परिवार को बताया, तो पूरे घर में कोहराम मच गया। इसके बाद शुरू हुआ इंसाफ का वो सफर जो व्यवस्था के मुंह पर करारा तमाचा है। न्याय की आस में बूढ़े पिता ने अपनी दिव्यांग बेटी को गोद में उठाया और अपने दिव्यांग दामाद को साथ लेकर कड़कड़ाती धूप और मुश्किल रास्तों से होते हुए लगभग 60 किलोमीटर दूर शहडोल महिला थाना पहुंचे।

महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की लिखित शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पलश राम कोल उर्फ ददुआ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(1) (i) एवं 92(बी) के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया है।

ये भी पढ़ें: मनचले की ‘ऑन द स्पॉट’ खातिरदारी! लड़कियों ने चप्पलों से कूटकर निकाला जुलूस; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल!

शहडोल में आखिर क्यों महफूज नहीं हैं बेटियां?

यह सनसनीखेज मामला ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में शहडोल जिले के ही पपौंध थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पिता द्वारा अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ महीनों तक यौन शोषण करने का घिनौना सस्पेंस खुला था। उस खौफनाक मामले की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि अब इस दिव्यांग नवविवाहिता के साथ हुई दरिंदगी ने जिले में हड़कंप मचा दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m