अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले में हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई है और बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। लेकिन सबसे चिंताजनक तस्वीर स्वास्थ्य संस्थानों से सामने आई है, शहडोल के जिला अस्पताल में छत से टपकते पानी के बीच मरीज इलाज कराने को मजबूर हैं। कहीं मरीजों ने पानी रोकने के लिए खुद बर्तन लगा रखे हैं तो धनपुरी के अस्पताल में एक्स-रे विभाग की छत से टपकता पानी मशीन तक पहुंच रहा है। सवाल है जहां जिंदगी बचाने की उम्मीद लेकर मरीज पहुंचते हैं, वहां बारिश से सुरक्षा की गारंटी कौन देगा।

ये भी पढ़ें: मऊगंज के नईगढ़ी में बाढ़ का कहर, पानी उतरा तो सामने आई बर्बादी… सड़क पर रात बिताने को मजबूर सैकड़ों परिवार

मरीजों को खुद लगाने पड़े बर्तन, जर्जर बिल्डिंग बनी आफत

कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल के आर्थो वार्ड समेत अस्पताल भवन के कई हिस्सों में बारिश का पानी छत से टपकता दिखाई दिया। हालात ऐसे बने कि मरीजों को टपकते पानी के बीच ही इलाज कराने के लिए मजबूर होना पड़ा, पानी मरीजों के आसपास न गिरे, इसके लिए मरीजों और उनके परिजनों को खुद ही बर्तन लगाकर पानी रोकने की व्यवस्था करनी पड़ी, अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों के लिए यह स्थिति किसी परेशानी से कम नहीं है।

धनपुरी में एक्स-रे मशीन पर खतरा

इसी तरह धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी बारिश के दौरान अस्पताल की बदहाल स्थिति सामने आई, यहां एक्स-रे विभाग की छत से पानी टपकता नजर आया, टपकता पानी एक्स-रे मशीन के आसपास पहुंच गया, जिससे मशीन के भीगने और खराब होने का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद मरीजों को इसी परिस्थिति में एक्स-रे कराने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

लगातार बारिश के बीच अस्पतालों की यह तस्वीर स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। जिस जगह मरीज इलाज और सुरक्षित वातावरण की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहीं उन्हें टपकती छत और पानी के बीच रहना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें: रीवा में बारिश का कहर: भाजपा विधायक का मकान पानी में घिरा, अंदर फंसा परिवार, त्योंथर में 309 गांव प्रभावित

प्रशासन का बयान: ‘पुरानी है बिल्डिंग, कराएंगे शिफ्ट’

इस मामले में जिला अस्पताल की सहायक प्रबंधक पूजा सोनी ने बताया कि जिला अस्पताल की बिल्डिंग काफी पुरानी है और जर्जर हो चुकी है। भवन में सुधार कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पानी टपकने से मरीजों को परेशानी हो रही है तो उन्हें दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m