अमित पांडेय, सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। एक टेलर पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इसके बाद पहचान मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर बहरी थाना क्षेत्र के दुअरा कला गांव ले गया और ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया, लेकिन घटनास्थल पर मिली कपड़े की एक चिंदी पुलिस के लिए ऐसा सुराग बनी, जिसने पूरे हत्याकांड की परतें खोल दीं। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

बहरी थाना क्षेत्र के दुअरा कला गांव में सड़क किनारे बोरे में बंद अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी खुद घटनास्थल पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कपड़े की चिंदी समेत कई अहम सबूत मिले। पड़ताल और कई थानों से सामंजस्य और सहयोग के बाद मृतिका की पहचान हुई।

ये भी पढ़ें: कॉलेज टॉपर की रहस्यमयी मौत, सुसाइड नोट और आखिरी वीडियो ने उड़ाए पुलिस के होश!

आरोपी की साजिश नाकाम

इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि भरण पोषण का मामला न्यायालय में चल रहा था, जिसको लेकर घटना के दिन भी पैसा लेने पहुंची हुई थी और गुस्से में उसने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को बोरे में भरकर दूर ले गया और पहचान मिटाने के उद्देश्य से आग लगा दी। पुलिस की सूझबूझ और वैज्ञानिक जांच ने आरोपी की साजिश को नाकाम कर दिया।

सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी पति

दुआरा कला गांव में अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। पूछताछ में उसके पति ने हत्या करना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले के खुलासे में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m