राकेश चतुर्वेदी, सिंगरौली/भोपाल। एमपी के सिंगरौली जिले के महाराष्ट्र बैंक में बीते 17 अप्रैल को दिनदहाड़े कट्टे की नोक पर हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस पूरी वारदात के मुख्य सूत्रधार और मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पटना (बिहार) के रहने वाले 26 वर्षीय पीयूष जायसवाल के रूप में हुई है, जो बिहार पुलिस का लिस्टेड डकैत बताया जा रहा है। आरोपी पहले से ही ओडिशा की जेल में बंद था, जिसे सिंगरौली पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।
पुलिस की पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। यह महज एक बैंक डकैती का मामला नहीं, बल्कि एक बड़े अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश है। आरोपी पीयूष जायसवाल 2021 से लेकर अब तक अलग-अलग राज्यों में 90 किलो से अधिक सोने की लूट को अंजाम दे चुका है। इस शातिर गिरोह ने साल 2022 में राजस्थान में 24 किलो सोना और भारी नकदी लूटी थी। वहीं मध्य प्रदेश के कटनी और राजस्थान के जयपुर से भी करीब 22 किलो सोना लूटने की वारदात को अंजाम दिया था।
ये भी पढ़ें: 15 करोड़ की बैंक डकैती मामला: साजिश और माल ठिकाने लगाने वाला राहुल राज चढ़ा पुलिस के हत्थे
सिंगरौली एसपी शियाज के.एम. के निर्देशन में गठित विशेष टीम लगातार इस गिरोह के ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस पूरे मामले में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि लूटा गया सोना किन-किन ठिकानों और सर्राफा कारोबारियों के जरिए खपाया जाता था। आरोपी से पूछताछ जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले घंटों में कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

