सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली के बैढन स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस कप्तान षियाज के.एम. ने मामले का बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि विशेष टीम ने बिहार के जहानाबाद जिले से मुख्य साजिशकर्ता और लूटे गए माल को ठिकाने लगाने वाले आरोपी राहुल राज बघेल को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें: होटल के कमरे में मिला सराफा व्यापारी का शव, सल्फास खाकर खुदकुशी की आशंका; सुसाइड नोट भी बरामद

क्या था पूरा मामला?

17 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में 5 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने कट्टे की नोक पर बैंक कर्मचारियों और वहाँ मौजूद ग्राहकों को बंधक बना लिया था। इसके बाद महज 15 से 20 मिनट के भीतर डकैतों ने करीब 7 किलो सोना और 20 लाख रुपये नकद लूट लिए थे, जिसकी कुल कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

नेक्सॉन कार, मोबाइल और नकद बरामद

एसपी षियाज के.एम. के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के जहानाबाद से आरोपी राहुल राज बघेल को धर दबोचा। राहुल डकैती की साजिश रचने, सरगना के लगातार संपर्क में रहने और लूटे गए सोने-कैश को खपाने में मुख्य भूमिका निभा रहा था।

बरामद हुए सामान में बिहार वाले नंबर प्लेट की गाड़ी नेक्सॉन कार BR11AR7756, एक स्मार्टफोन, और 46,000 नगद शामिल है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उससे गिरोह के अन्य नेटवर्क और फरार आरोपियों के ठिकानों के बारे में सघन पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें: ‘हजम नहीं होता तो क्यों खाते हो?’ ताने के विवाद में गोलियों की तड़तड़ाहट! जानिए कैसे एक बेकसूर महिला हुई शिकार?

अन्य फरार आरोपियों की तलाश में बिहार-अंतरराज्यीय दबिश जारी

एसपी षियाज के.एम. ने बताया कि इस बैंक डकैती मामले में अब तक कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। गिरोह के शेष फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए बिहार और आसपास के अन्य राज्यों में पुलिस की विशेष टीमें भेजी गई हैं। जल्द ही पूरे अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर शत-प्रतिशत बरामदगी की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m