कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पिकनिक के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ घंटे बाद फायरिंग तक पहुंच गया। खाने को लेकर ताने कसने से नाराजगी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। फायरिंग के दौरान चली गोली ने विवाद से अनजान एक महिला को अपना शिकार बना लिया। गोली महिला के सिर में लगी और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: होटल के कमरे में मिला सराफा व्यापारी का शव, सल्फास खाकर खुदकुशी की आशंका; सुसाइड नोट भी बरामद
‘हजम नहीं होता तो क्यों खाते हो?’- ताने से भड़का विवाद
दरअसल मामला गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर का है। यहां रहने वाले चचेरे भाई संतोष, अमन और सतीश अपने पड़ोसी अभिषेक माहौर के साथ पनिहार स्थित कन्हैर झील पर पिकनिक मनाने गए थे। पिकनिक के दौरान सभी ने दाल-टिक्कड़ खाये। खाना खाने के बाद अभिषेक की तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टी हो गई। इसी बात पर तीनों भाइयों ने उसे ताना मारते हुए कहा कि हजम नहीं होता तो इतना क्यों खा लेते हो। उस समय विवाद नहीं बढ़ा और सभी वापस अपने घर लौट आए।
100 मीटर दूर दरवाजे पर बैठी महिला के सिर में लगी गोली
घर लौटने के कुछ समय बाद इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच दोबारा बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी गाली गलौज में बदल गई और आरोप है कि इसी दौरान फायरिंग कर दी गई।
फायरिंग के वक्त आदर्श नगर निवासी रेणु भदौरिया अपने घर के मुख्य दरवाजे पर बैठी थीं। तभी एक गोली करीब 100 मीटर दूर जाकर उनके सिर में लग गई। गोली लगते ही रेणु गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर है।
ये भी पढ़ें: बालाघाट में बाघ का आतंक! जंगल में मवेशी चराने गए किसान को बनाया निवाला, गाय और बछड़े का भी किया शिकार
अभिषेक समेत 2 पर हत्या के प्रयास का केस
वहीं घटना की सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाए। CSP संदीप बांगरे के मुताबिक, घायल महिला के होश में आने के बाद परिजनों की शिकायत दर्ज की गई। शिकायत के आधार पर आरोपी अभिषेक और एक अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


