सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की गोभा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत बारह पान गांव से पुलिस पर हमले और बंधक बनाने की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोटर पंप चोरी के शक में ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए गए एक युवक को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों ने न सिर्फ जमकर मारपीट की, बल्कि पुलिसकर्मियों को भी बंधक बना लिया। बाद में भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया और अपनी टीम को छुड़ाया।
ये भी पढ़ें: ‘चंबल में अब कोई डकैत नहीं, फिर क्यों कानून?’: पूर्व गृह मंत्री पहुंचे HC; 7 SP समेत 11 को नोटिस
युवक को बचाने पहुंचे पुलिसकर्मियों को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, बारह पान गांव में ग्रामीणों ने गुड्डू साकेत नामक युवक पर मोटर पंप चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसे सुबह से दोपहर तक बंधक बनाकर मारपीट की। सूचना मिलते ही गोभा चौकी से हेड कांस्टेबल राममूर्ति मीणा और कांस्टेबल इस्लाम अंसारी मौके पर पहुंचे। जब पुलिसकर्मियों ने युवक को छुड़ाने का प्रयास किया, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उन पर ही हमला कर दिया। ग्रामीणों ने दोनों पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया और उनका मोबाइल भी छीन लिया।
भारी पुलिस बल ने छुड़ाया; घायल पुलिसकर्मी और युवक अस्पताल में भर्ती
घटना की खबर मिलते ही कोतवाली बैढ़न और आसपास के थानों से भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद बंधक बनाए गए दोनों पुलिसकर्मियों और युवक गुड्डू साकेत को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया। घटना में घायल हुए जवानों और युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
ये भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म: घर ले जाकर कई बार बनाए संबंध, 6 महीने की गर्भवती हुई, FIR दर्ज
15 नामजद समेत अन्य पर डकैती व अपहरण की FIR, 3 आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंगरौली एसपी शियाज के.एम. के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में शामिल 15 नामजद आरोपियों के खिलाफ डकैती, मारपीट, बंधक बनाने और सरकारी काम में बाधा डालने जैसी संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन बैश, सुभग बैश और अजीत कुमार बैश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



