सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। देश में बदलते राजनीतिक माहौल के बीच अब कांग्रेस पार्टी सोशल मीडिया के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी ने “सोशल वॉरियर” अभियान की शुरुआत की है, जिसके तहत ऐसे युवाओं और डिजिटल एक्टिविस्ट्स को जोड़ा जाएगा जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी की विचारधारा, जनहित के मुद्दों और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकें।
दरअसल, कांग्रेस का मानना है कि आज की राजनीति केवल जनसभाओं और धरना-प्रदर्शनों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि मोबाइल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी राजनीतिक संवाद का बड़ा माध्यम बन चुके हैं। यही वजह है कि पार्टी फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर सक्रिय डिजिटल कार्यकर्ताओं की नई टीम तैयार करने में जुटी है।
ये भी पढ़ें: एमपी कांग्रेस में नए नेता को राज्यसभा भेजने पर मंथन! बड़े नेताओं को बुलाया गया दिल्ली, इस दिन हो सकता है नाम का ऐलान
सिंगरौली शहरी कांग्रेस पार्टी जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता आयोजित कर जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में चुनावी और वैचारिक लड़ाई में डिजिटल योद्धाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है। ऐसे में कांग्रेस की यह पहल सोशल मीडिया की राजनीति को नया आयाम दे सकती है। अब देखना होगा कि यह अभियान युवाओं के बीच कितना प्रभाव छोड़ पाता है और पार्टी के डिजिटल विस्तार में कितनी भूमिका निभाता है।

