सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। सिंगरौली में कोयला कंपनियों के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा अब सड़कों पर फूट पड़ा है! अमिलिया कोल माइंस की THDC और बंधा कोल ब्लॉक कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। गहिलरा सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कंपनी के वाहनों को रोककर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का सीधा सवाल है जब हमारी जमीन, हमारे जंगल और हमारे संसाधनों से कंपनियां करोड़ों का कोयला निकाल रही हैं, तो बदले में गांव को सड़क, बिजली और पानी तक क्यों नहीं मिल रहा?
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़कें बदहाल हैं, बिजली की आंख-मिचौली जारी है और पानी के लिए लोग परेशान हैं। महुआ, तेंदूपत्ता और डोरी जैसे वन संसाधनों पर निर्भर ग्रामीणों की आजीविका भी खनन से प्रभावित हो रही है। कई बार शिकायत और मांग के बावजूद जब कंपनी प्रबंधन ने समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया, तो ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया।
ग्रामीणों की दो टूक चेतावनी
ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक सड़क, बिजली और पानी की समस्या का समाधान नहीं होगा, कंपनी के वाहन नहीं चलने देंगे! मौके पर पहुंचे कंपनी अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। अब ग्रामीण प्रशासन से भी तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल तब खड़ा हुआ, जब न्यूज 24 और लल्लूराम डॉट कॉम के संवाददाता ने THDC के GM संजीव मित्तल से फोन पर बात की गई। आरोप है कि उन्होंने कहा कि हम किसी भी टीवी चैनल को नहीं बख्शेंगे और प्रधानमंत्री सड़कों पर गाड़ियां चलवाएंगे! क्या ग्रामीणों की आवाज उठाना मीडिया का अपराध है। क्या जनसमस्याओं पर सवाल पूछने वाले पत्रकारों को धमकाया जाएगा। क्या देशहित के नाम पर स्थानीय जनता के हितों को कुचल दिया जाएगा?
कोयला कंपनियों से सवाल
कोयला कंपनियों से सवाल है कि जब कोयला आपका, मुनाफा आपका, लेकिन प्रदूषण, बदहाल सड़कें और पानी का संकट ग्रामीणों के हिस्से क्यों? इधर, इस मामले में सरपंच पति बिजं बिहारी लाल शाह ने कहा कि ग्राम पंचायत गहिलरा में छोटे बड़े वाहनों का वर्षों से आवागमन हो रहा है, जिसके चलते सड़क टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई और जगह जगह गड्ढे हो गए है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। वाहनों के चलते वायु प्रदूषण हो रहा है, ग्रामीणों को परेशानियों को सामना करना पड़ता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

