मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों के सिर और हाथ पैर पर कुल्हाड़ी, लाठी डंडों के निशान मिले है। घटना के बाद सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। हत्या की वजह जमीनी विवाद बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
दरअसल, यह पूरा मामला टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर बछोड़ा गांव का है। जहां जमीन विवाद को लेकर बुजुर्ग दंपति की हत्या का मामला सामने है। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान चैनु घोष (65) और पाना बाई घोष (63) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब दो सालों से इसी जमीन पर रह रहे थे। यह जमीन पाना बाई घोष के पिता ने उनके नाम की थी।
ये भी पढ़ें: एकतरफा प्यार, सनकीपन और… सोते समय किशोरी के साथ किया खौफनाक कांड, आरोपी नाबालिग गिरफ्तार
एक महीन में तीन बार हो चुका था विवाद
इसी जमीन को लेकर दूर के रिश्तेदारों के साथ उनका विवाद चल रहा था। पिछले एक माह के दौरान जमीन को लेकर तीन बार विवाद की स्थिति भी बन चुकी थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते देर रात बुजुर्ग दंपति की हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही दिगौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं पुलिस के जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे मामले पर कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।


